अहमदाबाद में 158 शरणार्थियों को मिली भारतीय नागरिकता, परिवारों ने कहा—आज हमारे लिए दीपावली जैसा दिन
गुजरात के अहमदाबाद में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पाकिस्तान से आए 158 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र बांटे। नागरिकता मिलने पर परिवारों ने खुशी जताई और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।

अहमदाबाद,एजेंसी। गुजरात के अहमदाबाद में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 158 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। नागरिकता मिलने के बाद परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने नव नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भावनात्मक रूप से हमेशा भारत को अपना देश मानते रहे हैं, लेकिन अब उन्हें आधिकारिक तौर पर भी भारतीय नागरिकता मिल गई है।
हर्ष संघवी ने कहा कि पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों के कई परिवारों को सुरक्षा और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्हें अपना घर छोड़कर भारत आना पड़ा। उन्होंने बताया कि नागरिकता प्राप्त करने वाले परिवारों ने पाकिस्तान में अपने अनुभव साझा किए और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब ये परिवार भारतीय पासपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे और देश के नागरिक के रूप में अपने अधिकारों का लाभ उठा सकेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने नागरिकता प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने परिवारों से खुशी जाहिर करने और नए जीवन की शुरुआत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एक बुजुर्ग परिवार ने नागरिकता मिलने के दिन को दीपावली जैसा बताया।
नागरिकता प्राप्त करने वाले रायचंद ने बताया कि वह वर्ष 2017 में पाकिस्तान से भारत आए थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था और सुरक्षा को लेकर डर बना रहता था। इसी कारण उनका परिवार भारत आ गया। रायचंद ने भारतीय नागरिकता मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह दिन उनके परिवार के लिए नई दीपावली के समान है। उन्होंने भारत सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उनका पूरा परिवार भारत में अपना भविष्य संवारने की उम्मीद कर रहा है।
अहमदाबाद में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने पर परिवारों ने राहत और खुशी व्यक्त की। उनके लिए यह अवसर वर्षों से चली आ रही अनिश्चितता के बाद स्थायित्व और नए भविष्य की उम्मीद लेकर आया है।




