कानपुर में बीयर से लदा ट्रक पलटा, ड्राइवर को बचाने की जगह ग्रामीणों ने मचाई लूट

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। कानपुर से चौंकाने वाली घटना प्रकाश में आई है। मंगलवार दोपहर बीयर के गत्तों से लदा ट्रक पलट गया। इसकी सूचना आग की तरह आसपास के ग्राम में फैल गई। चिलचिलाती गर्मी के बीच ग्रामीण बाइक, साइकिल और कुछ ने तो पैदल ही दौड़ लगा दी। ग्रामीणों और राहगीरों ने जमकर बीयर की लूट की। ग्रामीण झोले और बोरियों में बीयर के केन और बोलत भरकर ले गए। कुछ ने वहीं मौके पर ही अपनी प्यास बुझा ली। हालांकि केबिन में फंसे चालक और कंडेक्टर मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब ग्रामीणों ने खदेड़ा। तब जाकर बीयर की लूट रुक सकी।
चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित पिपरी गांव के पास बीयर के गत्तों से भरा ट्रक पलट गया था। बीयर से लदा ट्रक बरेली से उन्नाव जा रहा था। ट्रक जब पिपरी गांव के पास पहुंचा, तो बाइक सवार को बचाने में चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बीयर से लदा ट्रक पलट गया। चारो तरफ बीयर के केन बिखर गए। इस दौरान कई बीयर की बोतले फूट कर नष्ट हो गईं। ग्रामीणों और राहगीर बीयर के गत्ते उठाकर भागने लगे। इसी दौरान इसकी सूचना किसी ने पुलिस को देदी। पुलिस के आने से पहले बीयर की लूट चलती रही।
सिपाहियों को किया गया तैनात
ट्रक ड्राइवर सुरेश और कंडेक्टर किसी तरह से केबिन से बाहर निकले। उन्होंने बीयर की लूट रोकने की कोशिश की, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण भाग खड़े हुए। बीयर से लदे ट्रक की सुरक्षा के लिए चार सिपाहियों को तैनात किया गया। ट्रक मालिक ने मंगलवार देर शाम दूसरा ट्रक भेजा। इसके बाद बीयर के गत्तों को दूसरे ट्रक में शिफ्ट किया गया। बीयर की लूट को रोकने के लिए सिपाही देर रात तक ट्रक की सुरक्षा में तैनात रहे।
चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश पांडेय के मुताबिक यदि बीयर के गत्तों को दूसरे ट्रक में शिफ्ट नहीं कराया जाता, तो रात में ग्रामीण बीयर लूट ले जाते। बीयर से लदा ट्रक उन्नाव जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक को मामूली चोट आई है।




