मुंबई के अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट ने डॉक्टर से मिलने से रोका तो शख्स ने बरसाए लात-घूंसे

रिसेप्शनिस्ट की बेरहमी से की पिटाई

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र के कल्याण स्थित एक निजी अस्पताल से हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। एक युवक ने अस्पताल की रिसेप्शनिस्ट को बेरहमी से पीटा है। मरीज को दिखाने लाया आरोपी शख्स लगातार डॉक्टर से मिलने की जिद कर रहा था। ऐसे में रिसेप्शनिस्ट ने उसे रोका, जिसके बाद उसने रिसेप्शनिस्ट को पीटना शुरू कर दिया।
यह मामला कल्याण के श्री बालाजी चिल्ड्रन अस्पताल का है। आरोपी शख्स का नाम गोपाल झा है। सोमवार की सुबह गोपाल अपनी पत्नी और बच्चे के साथ क्लीनिक पहुंचा था, जहां यह पूरी घटना देखने को मिली।
दरअसल डॉक्टर उस दिन थोड़ी देर से क्लीनिक पहुंचे। ऐसे में रिसेप्शनिस्ट ने गोपाल से इंतजार करने को कहा। डॉक्टर के आने के बाद सभी मरीजों का बारी-बारी नंबर आ रहा था। गोपाल ने अंदर जाने की जिद की तो रिसेप्शनिस्ट ने उसे रोकते हुए कहा कि अभी आपका नंबर नहीं आया है।
इस पर गोपाल भड़क गया और उसने रिसेप्शनिस्ट के साथ मारपीट शुरू कर दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें गोपाल को रिसेप्शनिस्ट पर लात-घूंसे बरसाते देखा जा सकता है। गोपाल ने पहले पीड़िता के पेट पर लात मारी और फिर उसे बालों से घसीटने लगा, साथ ही कई थप्पड़ भी मारने लगा। अस्पताल में मौजूद लोगों ने किसी तरह गोपाल को रोका और उसे बाहर ले गए।
पीड़िता ने मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में गोपाल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर लिखकर मामले पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि गोपाल ने न सिर्फ उसे मारा बल्कि कई अपशब्द भी कहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button