केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम की सुरक्षा अब आईटीबीपी नहीं उत्तराखंड पुलिस करेगी

देहरादून/एजेंसी। उत्तराखंड के दो धाम बद्रीनाथ और केदारनाथ की सुरक्षा का पूरा जिम्मा अब उत्तराखंड पुलिस के हाथ में आएगा। इसके लिए नई एसओपी तैयार की जाएगी। अब तक बद्रीनाथ और केदारनाथ के कपाट खुलने के बाद उत्तराखंड पुलिस ही दोनों धामों को सुरक्षा प्रदान करती रही है, लेकिन कपाट बंद होने के दौरान यह जिम्मा आईटीबीपी को सौंपा जाता है।
अब बद्रीनाथ और केदारनाथ दोनों ही धामों में सुरक्षा की जवाबदारी उत्तराखंड पुलिस की ही रहेगी। कपाट खुलने और बंद होने पर उत्तराखंड पुलिस ही दोनों धामों को सुरक्षा प्रदान करेगी। इसके लिए पुलिस के जवानों को विशेष तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से विशेष टीम का गठन किया जा रहा है, ताकि कपाट बंद होने के समय बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की सुरक्षा उत्तराखंड पुलिस को सौंपी जा सके।
अब तक बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद आइटीबीपी दोनों धामों को सुरक्षा प्रदान करती है। अब यह जिम्मेदारी वर्ष भर पुलिस को देने की तैयारी है। इसके लिए विशेष ट्रेनिंग देने के बाद पुलिस के जवान मंदिरों में तैनात होंगे। अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था एपी अंशुमान ने बताया कि अब तक सीजन के दौरान बद्रीनाथ और केदारनाथ की सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों को किसी प्रकार की विशेष ट्रेनिंग नहीं दी जाती है। अब यहां सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button