खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह बनाएगा नई राजनीतिक पार्टी

पंजाब में खाली हुई चार सीटों पर उतारेगा उम्मीदवार

चंडीगढ़/एजेंसी। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने कहा कि वह ‘सभी के कल्याण’ के लिए पंजाब में एक राजनीतिक पार्टी बनाने जा रहे हैं। उन्होंने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यह घोषणा की। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। पंजाब की चार सीटों- बरनाला, गिद्दड़बाहा, डेरा बाबा नानक और होशियारपुर में विधानसभा उपचुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी बनाने का ऐलान अहम माना जा रहा है।तरसेम सिंह ने कहा कि पंजाब संवेदनशील दौर से गुजर रहा है। हमने नई पार्टी बनाने के लिए अकाल तख्त के सामने प्रार्थना की है। पार्टी का नाम पूछने पर उन्होंने कहा कि संगठन के नाम और संविधान के बारे में निर्णय संगत से सलाह के बाद लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल पंजाब का फैसला दिल्ली से हो रहा है। अमरिंदर सिंह जैसे नेताओं को किनारे कर दिया गया। मुझे लगता है कि भगवंत मान के साथ भी यही होगा।
पंजाब में कोई क्षेत्रीय राजनीतिक दल नहीं है। पंजाब को कैसे बेहतर बनाना है या व्यवस्था कैसे चलानी है, ये पंजाब की जनता तय करेगी। इस पार्टी में ईर्ष्या और नफरत के लिए कोई जगह नहीं होगी। अमृतपाल सिंह के एक्स अकाउंट से भी एक पोस्ट की गई है, जिसमें नई पार्टी की घोषणा को लेकर जानकारी दी गई है। इस पोस्ट में लिखा गया है कि मेरे पिता भाई तरसेम सिंह जी ने अपने साथियों के साथ एक नई पंथक राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है।
इस पोस्ट में आगे लिखा है कि पंथ-पंजाब के सामने चुनौतियां सुलझने के बजाय और अधिक तीव्रता से सामने आ रही हैं। पीछे मुड़कर देखने पर यह स्पष्ट होता है कि न तो वर्तमान पंथक और न ही गैर-सांप्रदायिक राजनीतिक दल पंथ पंजाब के किसी भी मुद्दे का उचित समाधान कर पाए हैं। श्री अकाल तख्त साहिब से गुरु महाराज जी के समर्थन से, हम जल्द ही नाम से एक नई पंथ राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button