जयपुर में बीजेपी मुख्यालय के बाहर आप कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, अंदर बैठक ले रहे थे सीएम

जयपुर/एजेंसी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उत्तर भारत के कई राज्यों में आप आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। जयपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सहकार मार्ग स्थित कार्यालय से रैली के रूप में रवाना होकर भाजपा मुख्यालय पहुंच गए। देखते ही देखते दर्जनों आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बीजेपी मुख्यालय के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने रोकने कोशिश की लेकिन ‘आप’ के कार्यकर्ता बैरिकेड्स तोड़कर बीजेपी मुख्यालय में घुसने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके प्रदर्शन करने वालों को खदेड़ दिया।
अचानक हुए लाठीचार्ज से बीजेपी मुख्यालय के बाहर अफरा तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल भी मौजूद थे। अचानक हुए लाठीचार्ज के दौरान नवीन पालीवाल सहित कई कार्यकर्ताओं को चोटें लगी है। पुलिस ने दौड़ा दौड़ा कर मारा और बीजेपी कार्यालय से दूर भगाया। करीब आधा दर्जन से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति के अचानक विरोध प्रदर्शन करने आ गए और जबरन बीजेपी मुख्यालय में घुसने की कोशिश की तो उन्हें खदेड़ा गया।
प्रदर्शन के दौरान आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल ने कहा कि केंद्र में बैठी भाजपा सरकार लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास कर रही है। एक चुने हुए मुख्यमंत्री को षड़यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। केजरीवाल देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने पारदर्शी सरकार चलाकर बहुत कम समय में बड़ी पहचान बनाई है। केजरीवाल की लोकप्रियता को मोदी पचा नहीं पा रहे हैं। ऐसे में उनके इशारे पर ईडी उन्हें गलत तरीके से फंसा रही है। पालीवाल ने कहा कि केजरीवाल की छवि देश में सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री में है। इसके बावजूद उन्हें जबरन जेल में डाल दिया गया है। केंद्र सरकार की इस तानाशाही को देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। उस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीजेपी मुख्यालय में थे। लोकसभा चुनाव के प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धि बैठक ले रहे थे जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। अचानक पार्टी कार्यालय के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान अफरा तफरी मची और फिर पुलिस ने लाठीचार्ज करके आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को खदेड़ा।



