दिल्ली में कार में मिली खून से लथपथ लाश, पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मिल जांच में जुटी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एक कार में खून से लथपथ शव मिला है। पुलिस ने शव को एलबीएस अस्पताल में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि मृतक गाजीपुर डेयरी फार्म में काम करता था। घटना के वक्त उसके साथ कंपनी के तीन अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब सवा 6 बजे पीसीआर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि गाड़ी में एक आदमी है, जिसे गोली लगी है और उसकी सांस चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गाजीपुर डेयरी फार्म के पास सड़क पर एक कार मिली,जिसमें शख्स का शव मिला, जिसके सिर में चोट लगी थी। कैट एम्बुलेंस ने उस व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान यूपी के बिजनौर जिले के सौरभ कुमार पुत्र जयपाल सिंह निवासी गांव-मोहरा के रूप में हुई।
फोरेंसिक टीम की मदद से पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक वेस्ट मैनेजमेंट, पावर प्लांट गाजीपुर डेयरी फार्म में काम करता था। वो अपनी कार में कंपनी के तीन अन्य कर्मचारियों के साथ था। कार खुद सौरभ चला रहा था। वहीं उसके साथ आगे वाली सीट पर दोस्त चंद्रप्रकाश बैठा था। पुलिस टीम ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से घटना स्थल का मुआयना किया। वहीं मृतक का शव एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। रोहिणी से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button