दिल्ली पुलिस में ऐतिहासिक बन गई पिपिंग सेरेमनी

पहली बार रिटायरमेंट के दिन 137 पुलिसकर्मियों का प्रमोशन

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के इतिहास में पहली बार सेवानिवृत्ति के दिन पुलिसकर्मियों को पदोन्नति देकर सम्मानित किया गया। पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श आडिटोरियम में बुधवार को आयोजित भव्य पिपिंग सेरेमनी में 137 पुलिसकर्मियों को उनकी सेवानिवृत्ति के दिन ही पदोन्नति रैंक के बैज लगाए गए। यह ऐतिहासिक समारोह दिल्ली पुलिस के लिए एक नई परंपरा की शुरुआत माना जा रहा है।
समारोह की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने की। उन्होंने कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर रैंक तक के सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों को उनके अगले पदोन्नति के प्रतीक चिन्ह (बैज) लगाए। यह पहल उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की मंजूरी के बाद शुरू की गई है।
उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस के लिए मानद रैंक पदोन्नति योजना को स्वीकृति दी थी, जिसके तहत कांस्टेबल से सब-इंस्पेक्टर तक के कर्मियों को सेवानिवृत्ति के समय मानद पदोन्नति दी जाएगी। इस योजना की औपचारिक घोषणा हाल ही में पुलिस मुख्यालय में आयोजित डीजीपी/आईजीपी कान्फ्रेंस-2025 के फालोअप वर्कशाप के दौरान की गई थी।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पुलिस आयुक्त राबिन हिबू के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने मुख्य अतिथि और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत करते हुए इस योजना की पृष्ठभूमि और उद्देश्य की जानकारी दी। अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने लंबे समय से सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों के मनोबल और सम्मान को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया था।
उन्होंने गृह मंत्रालय और उपराज्यपाल का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना उन जवानों के प्रति सम्मान है, जिन्होंने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष समाज और कानून व्यवस्था की सेवा में समर्पित किए। सीपी ने 137 पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल एक पदोन्नति है, बल्कि उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान भी है।
कार्यक्रम का समापन संयुक्त पुलिस आयुक्त सुमन गोयल के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। समारोह में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सम्मानित पुलिसकर्मी और उनके स्वजन मौजूद रहे। यह आयोजन सभी के लिए गर्व और यादगार पल बन गया। बता दें कि सेवानिवृत हो चुके पुलिसकर्मियों को केवल पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा उन्हें इसका कोई सरकारी लाभ नहीं मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button