मेरठ में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का हुआ पर्दाफाश
गैंग के 6 आरोपी गिरफ्तार, विदेश तक फैला है नेटवर्क

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ में पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो देश की सुरक्षा और आर्थिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहे थे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह गैंग वीओआईपी कॉल्स को लोकल कॉल में परिवर्तित करता था। इससे कॉल की वास्तविक लोकेशन छिप जाती थी, जिससे विदेशी कॉल्स को सामान्य घरेलू कॉल्स की तरह ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था। यह न केवल टैक्स चोरी का मामला है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी चुनौतीपूर्ण है।
जांच में पता चला कि आरोपी विदेशों से आने वाली कॉल्स को लोकल नंबर पर ट्रांसफर करने के लिए भारी रकम वसूलते थे। प्रति कॉल लगभग 1000 रुपये लिए जाते थे। विदेशों से प्राप्त रकम को आरोपी अपने ऑनलाइन वॉलेट में विदेशी मुद्रा के रूप में जमा करते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए, जिनमें 32 सिम स्लॉट वाला डेंस्टर डिवाइस, 22 सिम कार्ड, चार वाई-फाई राउटर, लैपटॉप, कई मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों की मदद से यह गैंग लंबे समय से अवैध नेटवर्क संचालित कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम आस मोहम्मद, चांद, कासिम, सरफराज़, हाशिम और इमरान हैं। पुलिस के अनुसार, इनके तार विदेशों से जुड़े हैं और इस गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एसपी सिटी ने बताया कि इस तरह का नेटवर्क न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाता है, बल्कि आतंकवाद और अन्य आपराधिक गतिविधियों में भी इस्तेमाल हो सकता है। इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।





