एमपी के खंडवा में मुस्लिम युवक ने किया धर्म परिवर्तन
माथे पर तिलक, भगवा कपड़ा पहन आमिर खान बना अंगद

खंडवा/मध्य प्रदेश। खंडवा जिले से एक अनोखी खबर सामने आई है। यहां कोटवाडा निवासी आमिर खान नामक युवक ने इस्लाम को छोड़कर सनातन धर्म को अपना लिया है। सनातन धर्म को अपनाने वाला अमीर खान पेशे से चौकीदार है। उसने कहा कि उसने महादेव का चौकीदार बनना पसंद किया है। आमिर ने ऐलान किया कि अब वह अपना बाकी जीवन भगवान भोलेनाथ की चौकीदारी में समर्पित करेगा।
आमिर खान ने बताया कि वह लंबे समय से भगवान शिव की भक्ति से प्रभावित था। उसे महसूस हुआ कि शिव की सरलता, क्षमाशीलता और करुणा उसके जीवन का मार्ग बदल सकती है। इसी भावना से प्रेरित होकर उसने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि किसी की आस्था और जीवन दर्शन का निर्णय व्यक्तिगत होता है। जब कोई व्यक्ति आत्मबोध के साथ धर्म परिवर्तन करता है तो यह सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बन जाता है। धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया परंपरागत वैदिक विधि से संपन्न कराई गई। आमिर खान का गंगाजल स्नान और मुंडन संस्कार करवाया गया। इसके बाद वेद-मंत्रों के उच्चारण के बीच हवन पूजन और अग्नि प्रज्ज्वलन की प्रक्रिया पूरी की गई।
पूजा-अर्चना के के बाद आमिर खान का नामकरण संस्कार किया गया। उसका नया नाम अंगद रखा गया। सनातन धर्म अपनाने के बाद उसने कहा कि अब जीवन भर भगवान भोलेनाथ की सेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में समर्पित रहेगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने अंगद का स्वागत किया। उन्होंने उसके इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार जीवन जीने की स्वतंत्रता है।




