मुंबई में 50 साल से ज्यादा उम्र वाले पुलिसकर्मियों का रखा जा रहा खास ख्याल

मुंबई/एजेंसी। बढ़ती गर्मी से मुंबई पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी परेशान हैं। इनमें भी वे सबसे अधिक परेशान हैं, जो स्वास्थ्य समस्याओं से घिरे हैं या उम्रदराज हैं। खासतौर से 50 साल से अधिक आयु वाले पुलिसकर्मियों की हालत बिगड़ रही है। ऐसी परेशानियों से गुजर रहे पुलिसकर्मियों को मुंबई पुलिस इनडोर ड्यूटी दे रही है। गर्भवती महिला पुलिसकर्मी, उम्रदराज पुलिसकर्मी और लंबी बीमारी से ग्रसित पुलिसकर्मियों को दौड़-भाग वाले कार्यों से इतर काम भी सौंपे जाते हैं। इनसे नाइट शिफ्टिंग भी कराई जा रही है। सेहत को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों से 8 घंटे की ड्यूटी करवाने की भी व्यवस्था की गई है।
महिलाओं पर विशेष ध्यान
काम के मामले में वैसे तो महिला पुलिसकर्मियों को थोड़ी राहत दी जाती है। सड़कों पर घंटों तक लगने वाली नाकाबंदी, अपराधियों को पकड़ने के लिए भाग-दौड़ और चिलचिलाती धूप में काम करवाने की बजाए इनसे एडमिन वर्क कराए जाने को प्राथमिकता दी जाती है। विभिन्न विभागों के हेल्पलाइन नंबरों पर उम्रदराज और अनुभवी महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है।
सेहत का ध्यान
उत्तर मुंबई ट्रैफिक डिविजन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी जगदीश भोपले बताते हैं कि गर्मी से हर कोई परेशान है। लेकिन जो अधिकारी या सिपाही अधिक उम्र के हैं, उनकी ड्यूटी सड़क की बजाए ऑफिस में किए जाने की व्यवस्था की गई है। हमारी कोशिश रहती है कि प्रदूषण, बढ़ती गर्मी और शोर आदि से जिन पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, उन्हें इन हाउस काम दिया जाए, ताकि वे तंदुरुस्त रहें। रात में मौसम ठंडा रहता है, इसलिए रात में भी इनकी ड्यूटी लगाई जाती है।
99 पुलिस स्टेशनों के आंकड़े
51,309 स्वीकृत पदों की संख्या
37,648 पद भरे हुए हैं
4,299 अधिकारी हैं
33,349 कांस्टेबल हैं
1,600 से अधिक अधिकारी के पद खाली
12,030 कांस्टेबल के पद खाली

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button