‘गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल’, छोटे से गांव के शिक्षक का लिखा गीत बन गया स्वच्छता मिशन की पहचान

जबलपुर,(मध्य प्रदेश)। हर सुबह आपके घरों से कचरा लेने के लिए गाड़ी आते ही एक गाना बजता है। गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल- यह गाना सुनते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आते हैं। यह गाना देश में स्वच्छता अभियान की पहचान बन गया है। बॉलीवुड तक में जगह पा चुके इस गीत को श्याम बैरागी ने लिखा है। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के कान्हा किसली गांव के रहने वाले श्याम बैरागी पेशे से शिक्षक हैं। बैरागी ने साल 2016 में स्वच्छता मिशन यह गीत लिखा था जो आज देश के हर कोने और गली में सुनाई देता है।
बॉलीवुड में मिली जगह
श्याम बैरागी ने कभी सपने में नहीं सोचा था कि *गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल* वाला गीत देश में इतना लोकप्रिय हो जाएगा कि उसे बॉलीवुड में भी जगह मिलेगी। हाल ही में वरुण धवन की फिल्म भेड़िया आई थी। फिल्म में इस गाने की 32 सेकंड की क्लिप इस्तेमाल की गई है। फिल्म के निर्माता निर्देशक ने इसके लिए बैरागी की अनुमति ली थी। बॉलीवुड फिल्म में अपने गीत को सुनकर बैरागी आज भी खुश हो जाते हैं।
छत्तीसगढ़ी फिल्म में कर रहे अभिनय
श्याम बैरागी आज देश का जाना पहचाना नाम बन चुके हैं। उन्हें स्वच्छता वाले गीत से इतनी प्रसिद्धि मिली कि अब वो छत्तीसगढ़ी फिल्म में भी किस्मत आजमा रहे हैं। यह फिल्म जल्द ही पर्दे पर दिखाई देगी।
पद्मश्री पुरस्कार के लिए अनुशंसा
बैरागी बताते हैं कि मंडला की कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उनका नाम पद्मश्री पुरस्कार के भेजा था। सरकार द्वारा बनाये गए कुछ नियमों के चलते उनका इस पुरस्कार के लिए चयन नहीं हो पाया। बैरागी बच्चों को शिक्षा देने के साथ गीत लिखने का काम अब भी कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने पेसा एक्ट और लाडली बहना योजना के प्रचार प्रसार के लिए गीत लिखा और उसे गाया भी है। उनका कहना है कि मध्य प्रदेश में कलाकारों की कमी नहीं है। बस उन्हें और मौके देने की जरूरत है। इससे उनकी प्रतिभा और निखर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button