मिट्टी माफियाओं से खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, अवैध खनन करते दो डंपर पकड़े

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। बिठूर थाना क्षेत्र में मिट्टी खनन का काम तेजी से चल रहा है। बुधवार देर रात मंधना पुलिस ने मिट्टी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की। अवैध खनन करते दो डंपरो को पुलिस ने पकड़ा। एक जीटी रोड मंधना तो दूसरा बिठूर रोड ब्लू वर्ल्ड तिराहे के पास से। डंपरो के पकड़े जाने के बाद सूचना पर सफेदपोश नेता चौकी और थाने के चक्कर काट रहे हैं।
बिठूर थाना क्षेत्र में मिट्टी खनन का काम जोरदारी से फिर शुरू हो गया है, मंधना-अलीगढ़ चौड़ीकरण में सड़क निर्माण पीएनसी कंपनी करा रही है। कंपनी के नाम पर कुछ डंपर तो सड़क निर्माण में लगे है और कुछ डंपर अवैध खनन कर मिट्टी बेच रहे हैं।
बिठूर चौबेपुर क्षेत्र के आस पास खाली पड़े टीले और खेतो से मिट्टी का कारोबार चल रहा है। बिठूर रोड के पास बरहट बांगर,चौबेपुर के संडीला, चौधरीपुर आदि क्षेत्रों से मिट्टी लाकर अवैध खनन किया जा रहा है। पिछले माह इसी अवैध खनन में शनिवार को महाराजपुर में डंपर से घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग रामधीन प्रजापति की मौत हो गई थी।
इसके बाबजूद अवैध खनन का कारोबार जोरदारी से चल रहा है, टिकरा के पास नसेनिया रोड, सचेंडी के रौतेपुर में भी खनन का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। खनन के डंपर पकड़े जाने से सुबह से ही सफेद पोश लोग थाने चौकी में चक्कर लगा रहे है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो डंपर को पकड़ा गया है। खनन अधिकारी को सूचना देकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।




