पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान द्वारा दिल्ली स्थित मॉर्डन स्कूल में दिव्यांग बच्चों के लिए योग शिविर का किया गया आयोजन

नई दिल्ली। 21 जून को अंतररार्ष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान के अधीनस्थ पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान द्वारा नई दिल्ली स्थित मॉर्डन स्कूल में दिव्यांग बच्चों के लिए एक समावेशी योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा जी मुख्य अतिथि व दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव श्री राजेश अग्रवाल, विशिष्ट अतिथी के रूप में मौजूद रहे। समावेशी और विकसित समाज की संकल्पना के तहत आयोजित इस योग शिविर को संबोधित करते हुए माननीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि योग की यह परंपरा प्राचीन काल के हमारे ऋषि मुनियों की एक धरोहर है। योग सिर्फ स्वस्थ शरीर के लिए किए जाने वाली एक क्रिया नहीं है बल्कि यह जीवनचर्या को सुव्यवस्थित रखने का एक सशक्त माध्यम भी है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी योग परंपरा को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली जिसके पश्चात हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आज वैश्विक स्तर पर 150 से ज्यादा देश 21 जून को प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस अवसर पर मुझे अपने दिव्यांग भाई-बहनों और बच्चों के साथ योग करने का अवसर मिल रहा है। योग सिर्फ शारीरिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं महत्वपूर्ण है बल्कि यह समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का भी कार्य करता है।
कार्यक्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधीनस्थ सभी राष्ट्रीय संस्थानों और समग्र क्षेत्रीय केंद्रों द्वारा आज योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें दिव्यांगजन बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, जो बेहद प्रसन्नता की बात है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान के 200 से अधिक कर्मचारियों और छात्रों के साथ ही 550 दिव्यांगजनों ने भाग लिया।




