चलती बस की फर्श टूटी, पहिए के नीचे आई अलीगढ़ की 8 साल की मासूम

आरटीओ प्रवर्तन और संभागीय निरीक्षक सस्‍पेंड

अलीगढ़/उत्‍तर प्रदेश। अलीगढ़ में चलती स्‍कूल बस का फर्श टूट जाने की वजह से आठ साल की बच्‍ची की दर्दनाक मौत हो गई थी। छात्रा सड़क पर गिरकर बस के पहियों के नीचे आ गई थी। इस मामले में परिवहन विभाग ने बड़ा एक्‍शन लिया है। अलीगढ़ की आरटीओ प्रवर्तन वंदना सिंह और तत्‍कालीन संभागीय निरीक्षक (आरआई) चंपालाल को सस्‍पेंड कर दिया गया है।
यूपी की परिवहन आयुक्‍त किंजल सिंह ने बताया कि यह घटना 28 फरवरी की है। अलीगढ़ सीमा से सटे कासगंज के गांव नगला साधु में स्‍कूल बस का फर्श टूटने से एक बच्‍ची गिर गई थी। बस का पहिया चढ़ जाने से की उसकी मौत हो गई थी। यह बस अलीगढ़ के माउंट देवा इंटरनेशनल स्‍कूल की है। जांच में पता चला कि बस का बीमा एक्‍सपायर हो चुका है। परिमिट की वैधता भी खत्‍म हो चुकी थी।
इस पूरे मामले में उप परिवहन आयुक्‍त आगरा, एआरटीओ (प्रशासन-प्रवर्तन), अलीगढ़, एआरटीओ (प्रशासन-प्रवर्तन) कासगज और अलीगढ़ के यात्रीकर अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन के भीतर उनसे स्‍पष्‍टीकरण मांगा गया है। उसके बाद उनकी जिम्‍मेदारी तय की जाएगी। इसके अलावा स्‍कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
गौरतलब है कि छात्रा अनन्‍या थाना गंगीरी की रहने वाली थी। उसके पिता रवि गंगीरी चौराहे पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। अनन्‍या और उसका बड़ा भाई गोलू माउंट इंटरनेशनल स्‍कूल में पढ़ते हैं। अनन्‍या यूकेजी और गोलू कक्षा तीन का छात्र है। दोनों स्‍कूल बस से आते-जाते थे। 28 फरवरी को स्‍कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों स्‍कूल बस से घर वापस लौट रहे थे। रास्‍ते में हादसा हो गया। बहन को बस से नीचे गिरते देखकर भाई गोलू जोर से चिल्‍लाया। तब जाकर ड्राइवर ने बस रोका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button