पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को झटका, नगर पालिका लोनी की चेयरमैन रंजीता धामा ने थामा रालोद का दामन

गाजियाबाद ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में झटका लगा है। नगर पालिका लोनी की चेयरमैन रंजीता धामा और उनके पति मनोज धामा ने भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार को बाय-बाय कह दिया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल  पार्टी ज्वाइन की है। भाजपा छोड़कर राष्ट्रीय लोक दल में शामिल होने के दौरान मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में रंजीता धामा ने कहा कि लोनी में बहुत जल्द एक बड़ी जनसभा आयोजित करते हुए विरोधियों को एक नया संदेश दिया जाएगा। गौरतलब है कि रंजीता धामा पिछले 9 महीने से भी अधिक समय से बगावती तेवर अपनाए हुए थीं। इस दौरान भाजपा के लोनी से विधायक नंदकिशोर गुर्जर निशाने पर रहे थे।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में रंजीता धामा ने  लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी से बगावत करके चुनाव लड़ा था।  चुनाव से कुछ दिन पहले रंजीता धामा ने फेसबुक लाइव के दौरान भारतीय जनता के लोनी सीट से प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की धमकी दी थी। उनका आरोप था कि लोनी से वर्तमान विधायक और भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर उनका नामांकन रद करवाने की कोशिश में हैं, अगर ऐसा हुआ तो वे मुख्यमंत्री आवास के बाहर परिवार समेत आत्मदाह कर लेंगीं।

जानिये- रंजीता धामा के बारे में

  • लोनी नगर पालिका की चेयरमैन रंजीता धामा सिर्फ 12वीं पास हैं।
  • रंजीता धामा के खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • रंजीता धामा के पास 23.78 लाख रुपये की चल, 22.50 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
  • पति मनोज धामा के पास 12.50 लाख रुपये की चल, 4.60 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 2.50 लाख रुपये का ऋण है।
  • रंजीता धामा को 2017 निकाय चुनाव में करीब 81 हजार वोट मिले थे। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी मेहरीन असद मुखिया को 33,950 मतों से हराया था। सपा की मेहरीन को 47,759 वोट मिले थे।
  • भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को टिकट देने को लेकर खिलाफत कर रहीं लोनी विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रंजीता धामा बागी उम्मीदवार के तौर पर यहां से लड़ी थीं, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button