भूस्खलन से चक्रधरपुर रेल मंडल प्रभावित, 6 माह में दूसरी घटना, ट्रेनों की गति हुई धीमी

चक्रधरपुर/झारखंड। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बंडामुंडा के-कैबिन के निकट किलोमीटर संख्या 408/25 के पास नवनिर्मित रेलवे ब्रिज के समीप अचानक भूस्खलन होने से रेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। गुरूवार की रात के समय ट्रैकमैन ने रेल लाइन की पेट्रोलिंग के दौरान भूस्खलन होते देखा और तुरंत विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे इंजीनियरिंग विभाग और वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए। स्थिति गंभीर न हो, इसलिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।
निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार ने जेसीबी मशीन की मदद से भूस्खलन वाले स्थान पर पूरी रात मिट्टी भरने का कार्य जारी रखा। लगभग पूरी रात चले राहत अभियान के बाद शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे स्थिति सामान्य घोषित की गई।
राहत कार्य के दौरान गुरुवार रात हावड़ा मुंबई मुख्य रेल मार्ग के अप लाइन से गुजरने वाली ट्रेनों को राउरकेला स्टेशन की ओर दूसरे ट्रैक के माध्यम से डायवर्ट कर भेजा गया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति को भी काफी धीमा कर दिया गया।
ज्ञात हो कि इसी स्थान पर करीब छह महीने पहले 27 मई को भी इसी तरह का भूस्खलन हुआ था, जिसके बाद रेल अधिकारियों ने काफी मशक्कत कर स्थिति को नियंत्रित किया था। लगातार हो रहे भूस्खलन ने फिर से सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इस क्षेत्र में स्थायी समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button