गाजियाबाद में पुलिस चौकी के पास रेस्तरां में युवकों ने की तोड़फोड़, 40 ग्राहकों ने रसोई में घुसकर बचाई जान

Young men vandalized a restaurant near a police post in Ghaziabad, 40 customers saved their lives by entering the kitchen

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में मोरटा पुलिस चौकी से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर स्थित अपनी रसोई रेस्तरां में शनिवार देर रात सात-आठ युवकों ने तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान कई परिवार भोजन कर रहे थे। हाथ में डंडे और राड लेकर आए हमलावरों ने लोगों को उठने तक का मौका नहीं दिया और ताबड़तोड़ टेबल और अन्य फर्नीचर पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। घटना के समय 40 ग्राहक रेस्तरां में मौजूद थे। अधिकांश ने रसोई में घुसकर जान बचाई। घटना सीसीटीवी में कैद है। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। राजनगर एक्सटेंशन मुख्य मार्ग पर सिग्नेचर होम सोसायटी के पास अपनी रसोई के नाम से सतीश त्यागी रेस्तरां चलाते हैं। सतीश त्यागी के मुताबिक सप्ताहंत होने की वजह से शनिवार को रेस्तरां में भीड़ थी। रात 11 बजकर 20 मिनट पर साढ़े 11 बजे अचानक उनके रेस्तरां पर सात-आठ युवकों ने हमला बोल दिया। उस समय करीब 40 लोग परिवार के साथ भोजन कर रहे थे।
युवकों ने सबसे पहले रेस्तरां के शीशे के गेट पर डंडे बरसाने शुरू किए, लेकिन शीशा नहीं टूटा। इसके बाद अंदर घुसकर डिनर कर रहे लोगों की टेबल पर डंडे मारने शुरू कर दिए। हमलावरों का आक्रामक रूख देख बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और पुरूष तेजी से जान बचाने के लिए रेस्तरां की रेसाई की तरफ भागे। कुछ लोग टेबल पर बैठे रह गए और हाथ हिलाकर हमलावर युवकों को प्रयास किया, लेकिन उग्र युवकों ने उनकी तरफ ध्यान ही नहीं दिया। पूरे रेस्तरा में टेबल पर रखी क्राकरी में तोड़फोड़ की गई।
एलईडी तोड़ दिया और दो लैपटाप तोड़ दिए। एक बिलिंग मशीन भी तोड़ डाली। आते और जाते हुए युवकों ने रेस्तरां के बाहर रखी दो टेबल में भी डंडे बरसाए। तीन युवकों ने चेहरे रूमाल से ढके हुए थे। इसके बाद युवक तेजी से बाइकों पर बैठकर फरार हो गए। एक कार भी थी जिसमें आरोपित सवार थे। पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना किसी ग्राहक ने दी थी इसके 15 मिनट बाद मौके पर पुलिस आई है। सतीश त्यागी के बेटे अक्षित त्यागी की शिकायत पर मिंटू त्यागी, राजदीप, रवि शर्मा समेत छह-सात बाइक पर सवार युवक और वैगन आर कार में सवार युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
रेस्तरां संचालक सतीश त्यागी का कहना है कि विवाद की वजह यह है कि रेस्तरां में शुक्रवार रात तीन युवक डिनर करने आए थे लेकिन 10 मिनट बाद ही खाने में देरी का आरोप लगा उठ गए और गाली गलौज करने लगे। युवक सिहानी के रहने वाले हैं। पीड़ित के मुताबिक उस समय तो पुलिस ने आकर मामला सुलझा दिया। लेकिन शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे 7- 8 युवक आए और आते ही तोड़फोड़ कर दी। उनके यहां दो लैपटाप, बिलिंग मशीन, एलईडी में तोड़फोड़ की है और 1760 रुपए गल्ले से निकाले गए हैं।
रेस्तरां में लगे सीसीटीवी कैमरे में हमलावर युवक रात 11.20 बजे आए औ 11.21 बजे निकल गए, लेकिन एक मिनट में ही उन्होंने ताबड़तोड़ 50 बार क्राकरी, टेबल, लैपटाप, शीशे और एलईडी पर डंडे बरसाए। स्वजन के साथ भोजन कर रहे लोग दहशत में समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है। किसी तरह भागकर रसोई की तरफ पहुंच गए। एक पुरूष और महिला टेबल पर बैठे हुए थे लेकिन युवकों ने उन्हें उठने का मौका तक नहीं दिया। एक युवक ने कई बार उनके भोजन की क्राकरी और टेबल पर डंडे मारे जब उससे भी मन नहीं भरा तो एक युवक ने कुर्सी ही उठाकर दे मारी। हमलावरों के जाने के बाद लोग तेजी से बाहर की तरफ भागे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button