नवरात्र में आसानी से कर सकेंगे मां वैष्णो देवी के दर्शन, दिल्ली से कटड़ा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेन

सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। चैत्र नवरात्र के दौरान श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष आरक्षित ट्रेन संख्या 04081, 04082 के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। रेलवे के इस निर्णय से हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी यात्रा अधिक सुगम व सुविधाजनक हो सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नवरात्र के समय माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दिल्ली-कटड़ा स्पेशल ट्रेन की सेवाओं का विस्तार किया है, ताकि यात्रियों को पर्याप्त सीटें उपलब्ध कराई जा सकें और भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 04081 नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच 14 फेरों के लिए चलाई जाएगी। पहले यह ट्रेन 21 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक संचालित की जा रही थी, लेकिन अब इसकी सेवाओं को बढ़ाकर 17 मार्च से 30 मार्च 2026 तक कर दिया गया है। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04082 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के बीच 14 फेरों के लिए चलाई जाएगी। पहले यह ट्रेन 22 फरवरी से 9 मार्च 2026 तक चल रही थी, जिसे अब बढ़ाकर 18 मार्च से 31 मार्च 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधाओं और उनकी बढ़ती मांग के प्रति हमेशा संवेदनशील रहता है। उन्होंने कहा कि गाड़ी संख्या 04081 व 04082 नई दिल्ली-कटड़ा स्पेशल ट्रेन की पिछले फेरों में 100 प्रतिशत आक्यूपेंसी दर्ज की गई थी, जिसके चलते इसके संचालन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
कश्मीर घूमने आ रहे पर्यटकों को भी मिलेगा लाभ
उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और कश्मीर घूमने आने वाले पर्यटकों को इस विशेष ट्रेन से विशेष लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों को टिकट उपलब्धता में भी राहत मिलेगी।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की समय-सारिणी की जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीइएस ऐप पर जरूर जांच कर लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button