उत्तरी दिल्ली में यातायात व्यवस्था मजबूत करने की पहल, चार नए ट्रैफिक बूथों का हुआ उद्घाटन
दिल्ली में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने, सड़क सुरक्षा मजबूत करने और आम लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की उत्तरी रेंज में चार नए ट्रैफिक बूथों का उद्घाटन किया गया।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने, सड़क सुरक्षा मजबूत करने और आम लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की उत्तरी रेंज में चार नए ट्रैफिक बूथों का उद्घाटन किया गया। 27 नवंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) संजय त्यागी ने इन बूथों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक जोन-1 विजयंत गोयल आर्य और उत्तरी रेंज के पुलिस उपायुक्त डॉ. सचिन कुमार सिंघल सहित वरिष्ठ अधिकारी और यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
नवनिर्मित ट्रैफिक बूथ डीटीयू, शाहबाद दौलतपुर, पल्ला रेड लाइट, जिंदपुर और मुकरबा चौक पर स्थापित किए गए हैं। इनमें डीटीयू, शाहबाद दौलतपुर स्थित बूथ के निर्माण में दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू), पल्ला रेड लाइट के बूथ में दिल्ली जल बोर्ड और जिंदपुर के बूथ के निर्माण में पाम ग्रीन तथा कार्निवल रिसॉर्ट्स ने सहयोग किया। मुकरबा चौक पर भी यातायात प्रबंधन और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए बूथ स्थापित किया गया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इन बूथों से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा। इससे उन्हें ड्यूटी के दौरान अधिक प्रभावी ढंग से काम करने में मदद मिलेगी। साथ ही ये बूथ यातायात नियंत्रण, आम लोगों की सहायता, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और यातायात से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम करेंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस पहल को उत्तरी रेंज में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। पुलिस ने बूथों के निर्माण में सहयोग देने वाले संबंधित संस्थानों और संगठनों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विभिन्न हितधारकों के सहयोग से यातायात संबंधी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।




