इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर प्रतिबंध को संसद की मंजूरी, विदेशी छात्रों की संख्या भी 30 प्रतिशत तक सीमित

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने लगातार स्कूलों में बुर्का या नकाब पहनकर आने की मुखालफत की है। वह कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने पर भी जोर देती रही हैं। अब इसे लागू करने का फैसला लिया गया है।

रोम। इटली में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाया है। देश की संसद के निचले सदन चैंबर ऑफ डेप्युटीज ने स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर प्रतिबंध लगाने वाले शिक्षा सुधार विधेयक को मंजूरी दे दी है। विधेयक के पक्ष में 142 और विरोध में 112 वोट पड़े। सीनेट से पहले ही मंजूरी मिलने के बाद स्कूलों में चेहरा ढकने पर रोक लगाने का कानूनी रास्ता साफ हो गया है। इसके साथ ही स्कूलों की पहली कक्षा में विदेशी मूल के छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित करने का प्रावधान भी किया गया है।

मेलोनी सरकार के इस शिक्षा सुधार के तहत कक्षाओं में चेहरा ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसमें मुस्लिम छात्राओं के बुर्का और नकाब पहनने पर भी रोक शामिल है। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाना और विदेशी मूल के बच्चों को इतालवी शिक्षा प्रणाली की मुख्यधारा से जोड़ना है।

नए प्रावधानों के तहत विदेशी छात्रों की संख्या पर 30 प्रतिशत की सीमा निर्धारित की गई है। हालांकि, जिन विदेशी मूल के विद्यार्थियों को पहले से इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान है, उन्हें इस सीमा से छूट मिलेगी। इसके अलावा ऐसे विदेशी अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनके बच्चों को स्थानीय शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक परिवेश में घुलने-मिलने में कठिनाई होती है।

‘डेक्रेटो स्कुओला’ नाम के इस विधेयक को सीनेट ने 20 नवंबर को मंजूरी दी थी। यह 30 सितंबर को जारी डिक्री-लॉ 170 का हिस्सा है। सरकार के मुताबिक, सुधारों का उद्देश्य 2026-27 के शैक्षणिक सत्र को सुचारु रूप से शुरू करना, राष्ट्रीय पुनर्प्राप्ति एवं लचीलापन योजना को समर्थन देना और विदेशी विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल करना है।

हालांकि, सरकार के इस फैसले को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। विपक्षी दलों ने शिक्षा सुधारों की आलोचना करते हुए इन्हें भेदभावपूर्ण करार दिया है। संसद के निचले सदन में मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया और ‘स्कूल में कोई विदेशी नहीं होता’ लिखे पोस्टर लहराए। विपक्ष का कहना है कि विदेशी मूल के विद्यार्थियों की संख्या सीमित करने से बच्चों के साथ भेदभाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

इटली में चेहरा ढकने को लेकर पहले भी प्रतिबंध लगाने की कोशिश हो चुकी है। वर्ष 2010 में तत्कालीन शिक्षा मंत्री मारियास्टेला गेल्मिनी ने एक सर्कुलर जारी कर इसी तरह की पाबंदी लागू करने का प्रयास किया था। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों और नियमों में लचीलेपन की कमी के कारण इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो सका था, विशेषकर बड़े शहरों के बाहरी इलाकों में।

प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस साल की शुरुआत में ही स्कूलों में बुर्का और नकाब पर प्रतिबंध, विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने तथा अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा सीखने से जुड़े नियम बनाने की घोषणा की थी। अब संसद की मंजूरी के बाद सरकार के इस एजेंडे को आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है।

यूरोप के कई देशों में भी सार्वजनिक स्थानों और शैक्षणिक संस्थानों में चेहरा ढकने को लेकर सख्त नियम लागू हैं। फ्रांस और बेल्जियम में सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने पर देशव्यापी प्रतिबंध हैं, जबकि ऑस्ट्रिया ने शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की पाबंदियां लागू की हैं। इटली का नया कानून विशेष रूप से स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर रोक तथा विदेशी विद्यार्थियों की संख्या नियंत्रित करने के प्रावधानों के कारण चर्चा में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button