संविधान दिवस पर राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का भव्य आयोजन, देशभर के पत्रकारों को किया गया सम्मानित

संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (आरपीएम) की ओर से रफी मार्ग स्थित आईएनएस भवन में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि 1008 महामंडलेश्वर सरितानंद जी महाराज तथा विशिष्ट अतिथि प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य छायाकांत नायक, लक्ष्मी भंडारी और सुरेंद्र वर्मा उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पबित्र मोहन सामंतराय ने की।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (आरपीएम) की ओर से रफी मार्ग स्थित आईएनएस भवन में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पत्रकारों, संगठन के पदाधिकारियों और गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया। समारोह में भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों के अधिकारों एवं दायित्वों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 1008 महामंडलेश्वर सरितानंद जी महाराज उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य छायाकांत नायक, माता-पिता सेवा आश्रम की अध्यक्ष लक्ष्मी भंडारी तथा नेशनल मीडिया कन्फेडरेशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा शामिल रहे। समारोह की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पबित्र मोहन सामंतराय ने की। इस दौरान राष्ट्रीय संयोजक मेहताब खान चांद, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष धीरज कुमार और राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक आकांक्षा की भी विशेष उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर सरितानंद जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान देश की आत्मा है और उसकी रक्षा तथा संवैधानिक मूल्यों को समाज तक पहुंचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, निर्भीकता और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा समाज को सही दिशा दिखाने का आह्वान किया।

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य छायाकांत नायक ने पत्रकारिता की नैतिकता और संवैधानिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ पत्रकारों पर बड़ी जिम्मेदारी भी है। प्रेस की स्वतंत्रता की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाए रख सकती है।

माता-पिता सेवा आश्रम की अध्यक्ष लक्ष्मी भंडारी ने कहा कि समाज सेवा और मानवीय मूल्य संविधान की मूल भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। संविधान नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने बुजुर्गों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता तथा सकारात्मक पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।

महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पबित्र मोहन सामंतराय ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि संविधान द्वारा मीडिया को दी गई अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक महत्वपूर्ण अधिकार होने के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। पत्रकारों को संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। उन्होंने संगठन की भूमिका को प्रभावी बनाने और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों की रक्षा करने की प्रतिबद्धता जताई।

नेशनल मीडिया कन्फेडरेशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों की एकजुटता और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। वहीं, राष्ट्रीय संयोजक मेहताब खान चांद ने संगठन की मजबूती और पत्रकारों के बीच एकता पर बल देते हुए कहा कि महासंघ पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को हर स्तर पर उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सच को सामने लाने वाले पत्रकारों को कई बार कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में उनके हितों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन आवश्यक है।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष धीरज कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और सशक्त मीडिया जरूरी है। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए पत्रकारों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण को भी महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु सहित दिल्ली और झारखंड से बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के प्रतिनिधि शामिल हुए। ओडिशा से भानु प्रताप नायक, दीपक कुमार साहू, परेश कुमार साहू, राधेश्याम पांडा, आशुतोष रथ, संजीब बेहेरा, सिद्धेश्वर गिरि, चैतन्य रथ, चंद्रचूड़ सिंह, हरिशंकर मिश्रा, आलोक कुमार दास, रमेश प्रधान, फाल्गुनी बाग, प्रियव्रत नायक और ताहिर अहमद ने सहभागिता की।

छत्तीसगढ़ से आरपीएम समन्वयक रायपुर संतोष कुमार यदु, तोषण प्रसाद चौबे, तुलसी राम साहू, गोविंद राम, चरणदास खोसले, प्रवीण कुमार वर्मा, बुधराम फेकर, राजू कुमार देवदास, धीरेंद्र जायसवाल, भानुराम यादव, गंगाराम देवदास और रामगोपाल जायसवाल उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश से आरपीएम राज्य समन्वयक इश्तियाक अहमद, श्रीमती चांद बी, मेराज मंसूर, तबजील अहमद, मोहम्मद आबिद और ज्योति जायसवाल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

तेलंगाना से ई. राम मोहन राव, सीएच. रमेश, के. वेणु, बोक्का राजू, आईएफएसएमएन सदस्य यमसानी श्रीनिवास, बी. देवेंद्र और एस. चिरंजीवी शामिल हुए। कर्नाटक से आईएफएसएमएन के संस्थापक सदस्य के. संजीव, वी. शिवप्रकाश, केंपंगराज के. और लोकेश्वरी के. तथा तमिलनाडु से ए. शाहुल हमीद ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त घनश्याम, अभय गंगवार, सहस्रांशु महापात्र सहित दिल्ली और झारखंड के अनेक पत्रकार एवं सदस्य समारोह का हिस्सा बने।

कार्यक्रम के समापन पर पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले पत्रकारों एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन के माध्यम से पत्रकारों ने संविधान के मूल्यों, प्रेस की स्वतंत्रता, निष्पक्ष पत्रकारिता और संगठनात्मक एकजुटता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button