लॉरेंस बिश्नोई से जेल में मुलाकात के लिए फर्जी दस्तावेजों से बना वकील, आरोपपत्र में खुलासा

दिल्ली क्राइम ब्रांच की चार्जशीट में दावा किया गया है कि दीपक खत्री ने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों से BA-LLB में दाखिला लिया और वकील बना। आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई से जेल में कानूनी मुलाकात की सुविधा का इस्तेमाल गैंग तक संदेश पहुंचाने के लिए किया।

दीपक नंदा उर्फ दीपक खत्री और गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से साबरमती जेल में कानूनी मुलाकात की सुविधा हासिल करने और उसके जरिए गिरोह के सदस्यों तक संदेश पहुंचाने के लिए दीपक नंदा उर्फ दीपक खत्री उर्फ मामा ने कथित तौर पर फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर विधि स्नातक की पढ़ाई में दाखिला लिया था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अदालत में दाखिल आरोपपत्र में यह दावा किया है।

राउज एवेन्यू अदालत में पेश आरोपपत्र के मुताबिक, दीपक ने वर्ष 2019 में अमरोहा स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में विधि स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए शैक्षणिक दस्तावेज जमा किए थे। उसकी 12वीं की अंकतालिका जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड से सत्यापित कराई गई तो बोर्ड ने उसे फर्जी बताते हुए कहा कि यह दस्तावेज उसके द्वारा जारी नहीं किया गया था।

इसके बाद विश्वविद्यालय ने दीपक का दाखिला और शैक्षणिक प्रमाणपत्र रद्द कर दिया। दिसंबर 2024 में दिल्ली बार काउंसिल में वकील के रूप में उसका पंजीकरण हुआ था। विश्वविद्यालय की शिकायत पर 28 सितंबर 2026 को अमरोहा के रजबपुर थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसकी जानकारी भारतीय विधिज्ञ परिषद को भी दी गई।

अपराध शाखा का दावा है कि दीपक वकील के रूप में पंजीकरण से पहले भी साबरमती जेल में लॉरेंस बिश्नोई से नियमित मुलाकात करता था। वकालत का पंजीकरण कराने के बाद उसने कानूनी मुलाकात की सुविधा का इस्तेमाल गिरोह के सदस्यों तक संदेश पहुंचाने के लिए किया।

जांच में दीपक ने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2016-17 में वह थाईलैंड में मनीष नामक व्यक्ति से मिला था, जिसका बैंकॉक में रेस्तरां है। वहां उसकी मुलाकात गैंगस्टर काला राणा से भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में मनीष ने उसे लॉरेंस को राजस्थान से दिल्ली लाए जाने की जानकारी देकर वकील की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बाद वह मार्च 2021 में अधिवक्ता विशाल चोपड़ा के साथ पहली बार लॉरेंस से मिला। बाद में उसने काला राणा, काला जठेड़ी और विक्की मिड्डूखेड़ा के लिए भी वकीलों की व्यवस्था करने में भूमिका निभाई। पुलिस मामले में उसकी भूमिका और गिरोह से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button