जामा मस्जिद थाने में हमले के बाद दिल्ली के थानों में बढ़ाई गई सुरक्षा, पहचान और आने की वजह बताए बिना नहीं मिलेगी एंट्री

जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमले के बाद दिल्ली के थानों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आने वालों की पहचान और वजह दर्ज की जा रही है। आरोपी नबील के पुराने रिकॉर्ड, पारिवारिक विवाद और नशे की आशंका की जांच जारी है।

परिपूर्ण न्यूज़/ संवाददाता

नई दिल्ली। जामा मस्जिद थाने के भीतर पांच पुलिसकर्मियों पर चाकू से हुए हमले के बाद दिल्ली पुलिस ने थानों की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। अब थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान, पता, मोबाइल नंबर और आने का उद्देश्य दर्ज किया जा रहा है। बिना जांच-पड़ताल किसी को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इलाके में निगरानी बढ़ाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स की एक टुकड़ी भी तैनात की गई है।

पुलिस ने थानों के प्रवेश द्वार से लेकर परिसर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। खराब कैमरों को ठीक कराने और उनकी दिशा दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य थानों के संतरी और सुरक्षा कर्मियों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।

इस हमले के आरोपी नबील (30) के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें दो मामले जामा मस्जिद थाने में लूट और हत्या के प्रयास से संबंधित हैं, जबकि चितली कबर में पुलिसकर्मियों पर हमले को लेकर चांदनी महल थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी का लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घायल नौ पुलिसकर्मियों में दो की हालत गंभीर है, जबकि अन्य खतरे से बाहर हैं।

पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, पारिवारिक विवाद, नशे की आशंका और संभावित संपर्कों की जांच कर रही है। वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में दर्ज मामले का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि थाने में प्रवेश के दौरान उसकी तलाशी क्यों नहीं हुई और हमला पूर्व नियोजित था या अचानक किया गया। पुलिस आरोपी के सामाजिक माध्यमों पर संपर्कों और गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button