स्व. फूलमती शुक्ला की पुण्यतिथि पर सेवा और श्रद्धा का संगम, दो हजार से अधिक जरूरतमंदों को कराया भोजन

लखनऊ में बृज की रसोई के माध्यम से आयोजित हुआ श्रद्धांजलि एवं शांति भोज, परिजनों ने जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरित कर दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

लखनऊ,उत्तर प्रदेश। स्व. श्रीमती फूलमती शुक्ला की वार्षिक पुण्यतिथि पर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को श्रद्धांजलि एवं शांति भोज का आयोजन कर उन्हें भावपूर्ण स्मरण किया गया। प्रेरणास्रोत परम पूज्य बाबा नीम करौली जी महाराज की कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी के सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ में आयोजित इस विशेष सेवा अभियान के दौरान दो हजार से अधिक जरूरतमंदों को भोजन एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। दिवंगत की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में परिजनों और संस्था के पदाधिकारियों ने सेवा को सच्ची श्रद्धांजलि का माध्यम बताते हुए समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता का संकल्प दोहराया।

स्व. फूलमती शुक्ला के परिजनों के सौजन्य से आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में जरूरतमंदों को पूड़ी, चना-आलू की सब्जी, पुलाव, बूंदी, केला, फ्रूटी, टॉफी और केक वितरित किए गए। बड़ी संख्या में लोगों ने इस भोजन सेवा का लाभ उठाया। आयोजन का उद्देश्य दिवंगत की स्मृतियों को केवल पारंपरिक श्रद्धांजलि तक सीमित न रखकर समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग के बीच सेवा के रूप में जीवंत बनाए रखना रहा।

इस अवसर पर निलय शुक्ला ने कहा कि किसी दिवंगत व्यक्ति की स्मृति में जरूरतमंदों की सेवा करने से बढ़कर कोई श्रद्धांजलि नहीं हो सकती। जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनके भोजन की व्यवस्था करना मानवीय संवेदना का सबसे सुंदर रूप है। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के संबंध में सौम्य तिवारी ने बताया कि बृज की रसोई के माध्यम से विशेष सेवा एवं भोजन वितरण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें दो हजार से अधिक जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सहयोग, संवेदना और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी के संस्थापक विपिन शर्मा ने दिवंगत के परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के अन्य लोगों से भी अपने पारिवारिक आयोजनों, पुण्यतिथियों और स्मृति कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बृज की रसोई का उद्देश्य जरूरतमंदों तक भोजन और सहायता पहुंचाना है। यदि लोग अपने पारिवारिक एवं स्मृति आयोजनों को इस तरह के सेवा अभियानों से जोड़ें तो समाज के जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि किसी की स्मृति को सेवा और परोपकार के माध्यम से आगे बढ़ाना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है।

इस सेवा अभियान में स्व. श्रीमती फूलमती शुक्ला के समस्त परिजनों के साथ संस्था के जालिम सिंह, शिवकुमार शुक्ला, विजयपाल सिंह, निलय शुक्ला, संजय श्रीवास्तव, सौम्य तिवारी, बलवंत सिंह, विकास पाण्डेय, राजन त्रिपाठी, आशीष श्रीवास्तव, मयंक गौड़, अनुराग दुबे, ईशू श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, उमाशंकर यादव, गोविन्द सिंह ठाकुर, लक्ष्मी दीक्षित, रजनी शुक्ला, नीलम त्रिपाठी और अनुराधा शुक्ला सहित अनेक सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

राजन त्रिपाठी ने भी स्मृति आयोजनों को समाजसेवा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से दिवंगत व्यक्तियों की यादें समाज के हित में किए गए कार्यों के माध्यम से सदैव जीवित रहती हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से सभी परिजनों, सहयोगियों और सेवा अभियान में सहभागी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। श्रद्धा, संवेदना और सेवा भावना से संपन्न इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि जरूरतमंदों की सहायता के माध्यम से अपनों की स्मृतियों को समाज के लिए प्रेरणा बनाया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button