नोएडा एलिवेटेड रोड की मरम्मत में लगेगा समय, आईआईटी रुड़की की निगरानी में बनेगा नया स्ट्रक्चर
नोएडा में एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-33 के सामने हुए गड्ढे की मरम्मत के लिए आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट को आधार बनाया गया है। अब गड्ढा सिर्फ बंद करने के बजाय रोड का पूरा हिस्सा बदला जाएगा।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता
नोएडा। नोएडा एलिवेटेड रोड से रोजाना सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। सेक्टर-33 के सामने बने गड्ढे की मरम्मत अब तकनीकी डिजाइन के आधार पर कराई जाएगी। इसके लिए केवल गड्ढा भरने के बजाय आसपास के क्षतिग्रस्त हिस्से को भी हटाकर नया स्ट्रक्चर तैयार किया जा सकता है। नोएडा प्राधिकरण आईआईटी रुड़की की जांच रिपोर्ट के सुझावों के आधार पर मरम्मत की योजना तैयार कर रहा है। पूरा कार्य तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में कराया जाएगा।
आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के अनुसार, एलिवेटेड रोड पर गड्ढा बनने की प्रमुख वजह स्लैब का धंसना है। रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर डेक स्लैब और गर्डर के बीच कंपोजिट गर्डर लगाने का सुझाव दिया गया है। इसमें स्टील गर्डर और कंक्रीट डेक स्लैब का इस्तेमाल किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर नया हिस्सा पहले से तैयार कर साइट पर स्थापित किया जा सकता है। रिपोर्ट में पूरे एलिवेटेड रोड की विस्तृत तकनीकी जांच कराने की सिफारिश भी की गई है।
गौरतलब है कि 20 अक्टूबर को सेक्टर-33 के सामने एलिवेटेड रोड पर गड्ढा बन गया था। इसके बाद 21 अक्टूबर से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया। आईआईटी रुड़की की जांच रिपोर्ट करीब एक महीने बाद प्राधिकरण को मिली। फिलहाल अधिकारी रिपोर्ट का अध्ययन कर रहे हैं। मरम्मत कब शुरू होगी और सड़क यातायात के लिए दोबारा कब खुलेगी, इस संबंध में अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है।
जांच के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्से की ऊपरी परत हटाने पर निर्माण की गुणवत्ता से जुड़ी खामियां भी सामने आईं। प्राधिकरण के इंजीनियरों के मुताबिक, मौके पर ऊपरी परत की मोटाई निर्धारित 90 मिलीमीटर से कम मिली, जबकि निचली परत भी 22 मिलीमीटर से कम बताई गई है। परत हटाने पर सरिया भी दिखाई देने लगा था। इन कमियों को देखते हुए मरम्मत का काम विशेषज्ञों की देखरेख में कराने पर जोर दिया जा रहा है। आईआईटी रुड़की मरम्मत के लिए दूसरी एजेंसी का चयन भी कर सकती है।
एलिवेटेड रोड बंद होने से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। सेक्टर-53 के कंचनजंघा मोड़ से गिझोड़ सीएनजी पंप मोड़ और सेक्टर-25ए अंडरपास से सेक्टर-32 के सामने तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इससे रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह के अनुसार, मरम्मत का जिम्मा आईआईटी रुड़की को सौंपने की तैयारी है। प्राधिकरण का प्रयास है कि तकनीकी मानकों के अनुरूप काम जल्द पूरा कराकर एलिवेटेड रोड पर यातायात बहाल किया जा सके।




