मंडोली जेल में गैंगस्टर रणदीप भाटी की हत्या की साजिश का दावा, बढ़ाई गई सुरक्षा

ग्रेटर नोएडा के गैंगस्टर रणदीप भाटी की मंडोली जेल में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ है। साजिश में रोहित चौधरी और छेनू पहलवान के नाम सामने आए हैं। जेल प्रशासन ने चार दिन पहले फोन और नुकीले हथियार बरामद कर साजिश नाकाम की।

मंडोली जेल

नई दिल्ली। मंडोली जेल में बंद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर रणदीप भाटी की हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आया है। इस मामले में दक्षिण दिल्ली के बदमाश रोहित चौधरी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इरफान उर्फ छेनू पहलवान के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों मंडोली जेल की नंबर-15 बैरक में बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, करीब चार दिन पहले जेल में फोन और नुकीले हथियार बरामद होने के बाद जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हालांकि, साजिश से जुड़े आरोपों और बरामदगी के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सूत्रों के अनुसार, जेल में हुई तलाशी के दौरान रोहित चौधरी और छेनू पहलवान से जुड़े लोगों के पास से फोन और नुकीले हथियार बरामद किए गए थे। इसके बाद जांच में रणदीप भाटी को निशाना बनाने की कथित योजना की जानकारी सामने आई। सुरक्षा के मद्देनजर रणदीप की निगरानी बढ़ा दी गई है। उसकी सुरक्षा में हर समय दो जेलकर्मियों की तैनाती किए जाने की बात कही जा रही है। इसके अलावा रणदीप और अन्य दोनों गैंगस्टरों के बैरक के बीच क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी तैनात किया गया है।

जेल प्रशासन की ओर से दोनों गुटों से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा कारणों से तीनों आरोपितों को अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करने के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है। फिलहाल जेल परिसर में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के रिठोरी गांव का रहने वाला रणदीप भाटी कई आपराधिक मामलों में जमानत हासिल कर चुका है, लेकिन उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में उसे अभी राहत नहीं मिली है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में जमानत की संभावना को देखते हुए उसके जल्द जेल से बाहर आने की चर्चाएं हैं। वहीं, आया नगर निवासी रोहित चौधरी और सीलमपुर निवासी इरफान उर्फ छेनू पहलवान भी मंडोली जेल में बंद हैं। दोनों के खिलाफ अलग-अलग गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुंदर भाटी और नरेश भाटी के बीच कभी करीबी संबंध थे, लेकिन बाद में वर्चस्व को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी हो गई। मार्च 2004 में सुंदर भाटी ने नरेश भाटी की हत्या कर दी थी। इसके बाद नरेश के भाई रणपाल ने सुंदर भाटी के भाई प्रताप की हत्या कर दी। वर्ष 2006 में रणपाल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इसके बाद रणदीप भाटी ने गैंग की कमान संभाली और अनिल दुजाना से उसका जुड़ाव रहा।

इस गैंगवार का इतिहास भी कई आपराधिक घटनाओं से जुड़ा रहा है। जानकारी के अनुसार, सुंदर भाटी को वर्ष 2015 के हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, हालांकि वह जमानत पर बाहर है। वहीं, रणदीप भाटी को वर्ष 2013 के हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी।

फिलहाल मंडोली जेल में कथित साजिश के खुलासे के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में बरामद सामान, कथित साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की आधिकारिक जांच से ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button