कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव, चार रेडलाइट बंद कर सात यू-टर्न शुरू

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक 2.1 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यातायात सुगम बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है।

कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास बंद किया गया कट।

पूर्वी दिल्ली। कड़कड़ी मोड़ से राम विहार के बीच रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों को अब चार प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकने से राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 2.1 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने संयुक्त रूप से नई यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत शनिवार को दयानंद विहार, सैनी एंक्लेव, जागृति एंक्लेव और राम विहार स्थित चार ट्रैफिक सिग्नल बंद कर दिए गए। इन स्थानों के आसपास सात यू-टर्न विकसित किए गए हैं। इसके अलावा एक अन्य कट को भी बंद कर यू-टर्न में तब्दील किया जाएगा।

नई व्यवस्था लागू कराने में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने आपसी समन्वय किया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की डीसीपी श्वेता चौहान ने शाहदरा ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय द्विवेदी और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मनोज तंवर के साथ मौके पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर बदलाव लागू कराया। अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग पर बार-बार रेडलाइट होने के कारण वाहनों को रुकना पड़ता था, जिससे कई बार यातायात की रफ्तार प्रभावित होती थी। अब सिग्नल की जगह यू-टर्न व्यवस्था लागू होने से वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।

डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि रेडलाइट के स्थान पर यू-टर्न विकसित करने का उद्देश्य मुख्य मार्ग पर वाहनों का अनावश्यक ठहराव कम करना है। इससे वाहन चालकों को बार-बार सिग्नल पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा और मुख्य सड़क पर यातायात का प्रवाह बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि हरगोविंद एंक्लेव के सामने अस्पताल के पास बने कट को भी बंद किया जाएगा। इसके स्थान पर यू-टर्न विकसित करने की योजना है, जिससे सड़क पर यातायात संचालन को व्यवस्थित किया जा सके।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद भी इसके प्रभावी संचालन को लेकर कुछ चुनौतियां बनी रह सकती हैं। विकास मार्ग पर पहले से बनाए गए यू-टर्न के अनुभव से पता चलता है कि इनके आसपास अवैध पार्किंग यातायात में बाधा बन सकती है। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण बसों और अन्य बड़े वाहनों को यू-टर्न लेने में परेशानी होती है। कई बार बसों को मोड़ने के दौरान पीछे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है।

कड़कड़ी मोड़ से राम विहार के बीच भी यू-टर्न के आसपास अवैध पार्किंग पर नियंत्रण रखना महत्वपूर्ण होगा। इसके अलावा रांग साइड से आने वाले वाहन भी नई व्यवस्था के संचालन में बाधा पैदा कर सकते हैं। यदि वाहन चालक निर्धारित दिशा और यातायात नियमों का पालन नहीं करते हैं तो यू-टर्न के आसपास टकराव और जाम की आशंका बनी रह सकती है।

ऐसे में नई व्यवस्था का लाभ तभी पूरी तरह मिल सकेगा, जब यू-टर्न के आसपास पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई हो। यातायात पुलिस की निगरानी और वाहन चालकों के अनुशासन से ही कड़कड़ी मोड़ से राम विहार तक आवागमन को अधिक सुगम बनाने की इस पहल के अपेक्षित परिणाम सामने आ सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button