एनकाउंटर के डर से पूजा हत्याकांड का मुख्य आरोपी प्रशांत पांचाल थाने पहुंचा, तीन वकीलों के साथ किया आत्मसमर्पण

लोनी के पूजा हत्याकांड में दो दिन से फरार प्रशांत पांचाल ने सोमवार शाम तीन अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। उसने वीडियो जारी कर विवाद की वजह बताई। पुलिस हथियार की तलाश कर रही है।

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर क्षेत्र में महिला पूजा की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रशांत पांचाल ने सोमवार शाम पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार प्रशांत अपने तीन वकीलों के साथ शाम करीब छह बजे लोनी बॉर्डर थाने पहुंचा और हाथ ऊपर उठाकर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया। इस दौरान उसने आत्मसमर्पण का वीडियो भी बनवाया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रशांत लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की कार्रवाई और संभावित मुठभेड़ की आशंका के बीच उसके आत्मसमर्पण करने की चर्चा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सरेंडर से पहले प्रशांत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर घटना को लेकर अपना पक्ष भी रखा था।

मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंदिरापुरी कॉलोनी का है। शनिवार रात मैजिक सिनेमा के पास नाली किनारे पेशाब करने को लेकर विवाद हुआ था। घर के बाहर पेशाब करने का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गोली चलने से सी-ब्लॉक निवासी 35 वर्षीय पूजा की मौत हो गई। पूजा के भाई अमन की शिकायत पर पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इंदिरापुरी निवासी अनिल, विक्रांत और शुभम के अलावा बागपत जिले के गुराना गांव निवासी मोहित और अक्षय को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत का पिता भी शामिल है। मुख्य आरोपी प्रशांत और नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस की सात टीमें गठित की गई थीं। प्रशांत के आत्मसमर्पण के बाद मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ी है।

आत्मसमर्पण से पहले जारी वीडियो में प्रशांत ने घटना की शुरुआत अपने घर के बाहर हुए विवाद से बताई। उसका दावा है कि 15 तारीख को एक युवक उसके घर के बाहर पेशाब कर रहा था। उसके पिता ने विरोध किया तो युवक ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे वह गिर पड़े। पिता की सूचना पर वह गांव से कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा था। प्रशांत के मुताबिक, वहां युवक ने पिस्टल निकालकर हमला किया, जिससे उसकी उंगली में चोट आई। उसने दावा किया कि पिस्टल छीनने के बाद वह खुद को बचाने के लिए घर की ओर भागा और उसके पीछे आए लोगों ने घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।

वीडियो में प्रशांत ने कहा कि परिवार की जान बचाने के प्रयास में उससे गलत कदम उठ गया। उसने यह भी दावा किया कि उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है और वह अपने किए की सजा भुगतने को तैयार है। साथ ही उसने पुलिस और लोगों से अपील की कि उसके अपराध की सजा उसके परिवार को न दी जाए। हालांकि, घटना के संबंध में प्रशांत की ओर से किए गए दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि आरोपी प्रशांत पांचाल से पूछताछ की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button