खजूरी खास में स्कूटी सवार युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार दो हमलावर फरार

उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में सोमवार शाम बाइक सवार दो हमलावरों ने स्कूटी पर जा रहे 26 वर्षीय समीर को गोली मार दी। घायल समीर को उसका साथी रिजवान सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना खजूरी खास (फाइल फोटो)

उत्तर पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने स्कूटी पर जा रहे एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान करीब 26 वर्षीय समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे सोनिया विहार के जीरो पुश्ता स्थित कूड़ा खत्ता के पास वारदात हुई। समीर स्कूटी पर पीछे बैठा था, जिसे रिजवान चला रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने समीर पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। रिजवान घायल समीर को सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही खजूरी खास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, कई विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई हैं और गोली चलाने वाले की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जांच में घटना का किसी राजनीतिक दल से संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस के अनुसार, वारदात की वजह दो पुराने परिचितों के बीच चली आ रही व्यक्तिगत रंजिश बताई जा रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button