यमुना विहार के पिज्जा हट आउटलेट में एसी कंप्रेसर फटने से लगी आग, पांच लोग हुए घायल

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार स्थित एक पिज्जा आउटलेट में एयर कंडीशनर कंप्रेसर फटने से पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायलों में पिज्जा आउटलेट के तीन कर्मचारी भी शामिल हैं।
पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि यह घटना मंगलवार को पिज़्ज़ा हट आउटलेट में हुई, जहां कंप्रेसर फटने के बाद आग लग गई। इस घटना में आउटलेट के तीन कर्मचारियों समेत पांच लोग घायल हो गए। डीएफएस ने बताया कि सोमवार रात 8.55 बजे सी-ब्लॉक स्थित एक इमारत से विस्फोट की सूचना मिली, जिसमें एक बेसमेंट, भूतल और दो ऊपरी मंजिलें हैं। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया और बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डीएफएस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि उनकी टीम ने आग को पूरी तरह बुझा दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य एकत्र किए। भजनपुरा पुलिस थाने ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।




