खजूरी खास में युवक की गोली मारकर हत्या, मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास चलीं कई राउंड गोलियां
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में स्थित कार्यालय के पास एक युवक समीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

उत्तर पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के नजदीक एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान समीर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक को पांच से छह गोलियां लगीं, जबकि वारदात के दौरान करीब 18 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, वारदात के पीछे नसीम दुर्रानी गिरोह का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि दयालपुर थाना क्षेत्र का घोषित बदमाश राशिद हत्या के एक मामले में जेल में बंद है और हारून नाम का बदमाश भी इस मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतक समीर कथित तौर पर हारून की पैरवी कर रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और किसी गिरोह की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मंत्री कपिल मिश्रा ने घटना की जानकारी मिलने की बात कहते हुए इसे दो गिरोहों के बीच का मामला बताया। उन्होंने कहा कि किसी स्थानीय व्यक्ति को गोली लगने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।




