एमसीडी में 2,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी, 35 साल बाद सीधी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू

दिल्ली नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 2,000 नियमित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। करीब 35 साल बाद हो रही इस भर्ती में वाल्मीकि समाज के बेरोजगार युवाओं को मौका मिलेगा। कर्मचारियों की तैनाती 12 जोनों में होगी।

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए 2,000 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। निगम इन्हें नियमित दैनिक वेतनभोगी (रेगुलर डेलीवेज) के रूप में रखेगा। आवश्यकता के अनुसार इनकी तैनाती एमसीडी के सभी 12 जोनों में की जाएगी। लंबे समय से सीधी भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए इसे महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

एमसीडी के डेम्स विभाग के अनुसार, वर्ष 1989 में सफाई कर्मचारियों को सब्स्टीट्यूट के रूप में रखने की व्यवस्था शुरू हुई थी। इसके बाद 1997 में इसी आधार पर भर्ती की गई थी। तब से अब तक सीधी भर्ती नहीं हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 1991 में दिल्ली की आबादी करीब 94.21 लाख थी और सफाई कर्मचारियों की संख्या लगभग 40 हजार थी। वर्तमान में दिल्ली की आबादी 2.5 से 3 करोड़ के बीच होने का अनुमान है, जबकि सफाई कर्मचारियों की संख्या करीब 65 हजार है। ऐसे में बढ़ती आबादी के अनुपात में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना जरूरी है।

मेयर प्रवेश वाही ने बताया कि 35 साल बाद 2,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इससे उन वार्डों में कर्मचारियों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी, जहां लंबे समय से सफाई व्यवस्था प्रभावित है। डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर के अनुसार, नए कर्मचारियों को दिल्ली सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जाएगा। भर्ती के नियम और योग्यता तय करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि भर्ती में वाल्मीकि समाज के बेरोजगार युवाओं को भी अवसर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि एमसीडी ने पहले 2,000 सफाई कर्मचारियों को ठेके पर रखने का फैसला किया था, लेकिन सफाई कर्मचारी यूनियनों के विरोध के बाद इस निर्णय को वापस लेना पड़ा। इसके बाद निगम ने नियमित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की नियुक्ति का विकल्प चुना। भर्ती के नियम और चयन प्रक्रिया तय होने के बाद नियुक्तियों को आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button