अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर कड़ी सुरक्षा में कैराना कोर्ट में पेश, बुलेटप्रूफ जैकेट और बेड़ियों में लाए गए
यूपी के शामली जिले में अगस्त में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया था। दो तिहाड़ जेल में बंद हैं।

शामली,उत्तर प्रदेश। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में तिहाड़ जेल में बंद दो आरोपियों को सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना स्थित अदालत में पेश किया गया। दोनों आरोपी बुलेटप्रूफ जैकेट पहने हुए थे। उनके हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां लगी थीं। कोर्ट परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बताया गया कि दोनों ने फर्जी मुठभेड़ की आशंका जताते हुए अदालत से सुरक्षा की मांग की थी। इसी के बाद दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर उन्हें विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ कैराना लाया गया।
तिहाड़ जेल में बंद योगेश टुंडा और दीपक डबास को लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से जुड़ा बताया जाता है। दोनों ने अपनी सुरक्षा को लेकर फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताई थी और इस संबंध में अदालत में अर्जी दाखिल की थी। पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश के बाद दोनों को बुलेटप्रूफ जैकेट, हथकड़ियों और पैरों में बेड़ियां लगाकर तिहाड़ से कैराना अदालत लाया गया। इससे पहले पिछले महीने भी दोनों को कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था। शामली पुलिस ने उन्हें इस हत्याकांड में आरोपी बनाते हुए रिमांड पर लिया था। बाद में पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड की मांग करते हुए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। इसी मामले में सोमवार को पेशी हुई।
गौरतलब है कि 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी नाला पटरी इलाके में जिम से घर लौट रहे हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में 31 अगस्त को शामली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शूटरों मोहित और सुमित को मार गिराने का दावा किया था। इसके बाद जांच के दौरान योगेश टुंडा और दीपक डबास के नाम भी सामने आए और पुलिस ने उन्हें हत्याकांड में आरोपी बनाया।
अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। वह हरियाणा के सोनीपत में रहते थे, लेकिन हत्या से पहले कई महीनों से अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। उनके पिता सतबीर सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में अंकित सबसे छोटे थे। उनकी पत्नी सीमा दिल्ली में सरकारी शिक्षिका हैं। दंपती की कोई संतान नहीं थी। हत्याकांड के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। अब मामले में आरोपियों की अदालत में पेशी और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर निगाहें टिकी हैं।




