बेंगलुरु की सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, क्लब के बाहर युवक ने उतारे सारे कपड़े, वीडियो हुआ वायरल

बेंगलुरु/एजेंसी। बेंगलुरु के मशहूर और बेहद खास सदस्यों वाले बैंगलोर क्लब के बाहर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने नशे की हालत में हंगामा किया, कपड़े उतार दिए और सड़क पर लेट गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। युवक की पहचान स्थानीय निवासी राज अनंत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह नशे में था और खुद को क्लब सदस्य के बेटे बताकर अंदर जाने की जिद कर रहा था। सुरक्षा गार्डों ने उसे अंदर जाने से रोक दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
पुलिस का कहना है कि राज अनंत मानसिक रूप से अस्वस्थ भी हो सकता है। बहस बढ़ने पर उसने कपड़े उतार दिए और क्लब के बाहर हंगामा करने लगा। घटना के दौरान एक कार वहां से गुजर रही थी। वीडियो में दिखता है कि राज अनंत कार के सामने खड़ा हो गया। कार चालक ने गाड़ी आगे बढ़ाने की कोशिश की, जिससे वह बोनट से लटक गया और फिर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद वह दर्द से चिल्लाता हुआ दिखाई देता है।
राज अनंत ने आरोप लगाया है कि इस दौरान क्लब के एक सुरक्षा गार्ड ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस शिकायत को दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, एक केस सुरक्षा गार्ड और कार चालक के खिलाफ दर्ज किया गया है। वहीं, राज अनंत के खिलाफ भी सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज को भी सबूत के तौर पर देखा जा रहा है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




