कश्मीर के बारामुला की जामिया मस्जिद में लगी आग, चार स्थानीय लोग घायल

उत्तरी कश्मीर के पट्टन स्थित जामिया मस्जिद में रविवार सुबह आग लगने से चार स्थानीय लोग घायल हो गए और मस्जिद को आंशिक क्षति पहुंची।

पट्टन की जामिया मस्जिद में लगी आग, चार लोग झुलसे।

श्रीनगर,एजेंसी। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के पट्टन इलाके में रविवार सुबह एक जामिया मस्जिद में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हामरे इलाके की मस्जिद में लगी आग की चपेट में आने से चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जबकि इमारत को आंशिक नुकसान पहुंचा है। दमकल विभाग और सेना के संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:40 बजे मस्जिद की ऊपरी मंजिल में आग लगी। देखते ही देखते आग फैलने लगी और इमारत के निचले हिस्से भी इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सेना के जवानों ने भी आग बुझाने में मदद की। संयुक्त प्रयासों से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।

घटना में घायल चारों स्थानीय लोगों की पहचान इरशाद अहमद पुत्र अब्दुल रशीद भट, मोहम्मद अल्ताफ पुत्र अहसान पंडित, मंजूर अहमद मीर और मोहम्मद अशरफ मीर के रूप में हुई है। सभी को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए श्रीनगर के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, चारों को मामूली चोटें आई हैं।

दमकल एवं आपातकालीन सेवा विभाग के अधिकारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। संबंधित विभागों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button