कश्मीर में फर्जी खबरें फैलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा

कई ऑनलाइन प्रोफाइल की गई पहचान, पूछताछ जारी

श्रीनगर/एजेंसी। श्रीनगर पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने के उद्देश्य से झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोपी व्यक्तियों और मीडिया प्लेटफार्मों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक बयान में, पुलिस ने कहा कि उन्होंने इलेक्ट्रानिक और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर मनगढ़ंत और अपुष्ट सामग्री के कथित प्रसार का गंभीर संज्ञान लिया है। बयान के अनुसार, इस सामग्री का उद्देश्य समाज में अशांति फैलाना और असामंजस्य पैदा करना था।
साइबर पुलिस स्टेशन में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर संख्या 01-2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि कई आनलाइन प्रोफाइल की पहचान की गई है और संबंधित व्यक्तियों को पूछताछ के लिए साइबर सेल में बुलाया गया है।
दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ की जाएगी कानूनी कार्रवाई
जांच जारी है और अधिकारियों ने संकेत दिया है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने चेतावनी दी है कि फर्जी खबरें, भड़काऊ सामग्री या अपुष्ट जानकारी साझा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों और मीडिया संगठनों से आग्रह किया गया है कि वे सांप्रदायिक सद्भाव या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से तथ्यों की पुष्टि करें।
पुलिस ने दोहराया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र में शांति भंग करने के किसी भी प्रयास से सख्ती से निपटा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button