कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप, पत्नी ने बताया राजनीतिक षड्यंत्र
सिमडेगा की एक नाबालिग किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया है। पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों को भूषण बाड़ा ने बेबुनियाद करार देते हुए फंसाने का आरोप लगाया है।

रांची,एजेंसी। झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 15 वर्षीय आदिवासी नाबालिग के साथ दुष्कर्म और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। वहीं, विधायक की पत्नी जोशिमा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस कथित साजिश में कांग्रेस पार्टी के ही कुछ लोग शामिल हैं।
मामले के अनुसार, सिमडेगा जिले की रहने वाली 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी ने रांची के धुर्वा स्थित विधायक आवास पर उसके साथ यौन उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन में जबरन दुष्कर्म, अमानवीय व्यवहार, शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। किशोरी ने यह भी दावा किया है कि उसे गर्भपात कराना पड़ा। मामले में पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के लिए ऑनलाइन आवेदन दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की ओर से पीड़िता की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई है।
पीड़िता के आवेदन के मुताबिक, मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर सिमडेगा स्थित विधायक आवास ले गई थीं। बाद में उसे रांची के धुर्वा स्थित विधायक आवास लाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया जाने लगा। किशोरी ने आरोप लगाया है कि रांची और सिमडेगा दोनों जगह उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। काम में थोड़ी भी देरी होने पर कथित तौर पर मारपीट की जाती, गाली-गलौज होती और पर्याप्त भोजन भी नहीं दिया जाता था। विरोध करने पर उसे अकेला और असहाय बताकर डराया-धमकाया जाता था।
दूसरी ओर, विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि पीड़िता स्वयं आरोप नहीं लगा रही, बल्कि कुछ लोग उससे आरोप लगवा रहे हैं। विधायक ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से कुछ लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र पिछड़ा है और वहां के कई लोगों के बच्चों की पढ़ाई, रहने तथा खाने-पीने की व्यवस्था वे करते हैं।
इस मामले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि पर नाबालिग बच्ची के यौन शोषण और गर्भपात जैसे गंभीर आरोप लगना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। पढ़ाई-लिखाई और बेहतर भविष्य का भरोसा देकर किसी बच्ची को अपने आवास पर बुलाने के बाद उसके साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने पीड़िता की ओर से विधायक के परिजनों पर लगाए गए मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के आरोपों का भी उल्लेख किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले को सत्ता के प्रभाव और एक कमजोर बच्ची को डराने-धमकाने से जुड़े गंभीर सवालों के रूप में उठाया। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों और विधायक की ओर से दी गई सफाई के बीच पुलिस जांच तथा कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




