यूपी में चुनावी तैयारियों के बीच 162 पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादले, लखनऊ परिक्षेत्र के पांच जिले प्रभावित
यूपी विधानसभा चुनाव-2027 से पहले लखनऊ परिक्षेत्र के पांच जिलों में 162 पुलिस निरीक्षकों का तबादला किया गया है।

लखनऊ,एजेंसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 से पहले पुलिस विभाग में तबादलों का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में लखनऊ परिक्षेत्र के पांच जिलों में 162 पुलिस निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस ने 12 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया। स्थानांतरण से हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव जिले प्रभावित हुए हैं।
यह कार्रवाई भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना), उत्तर प्रदेश की ओर से जारी पत्र के आधार पर की गई है। चुनावी तैयारियों के तहत उन निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है, जिनकी किसी एक जिले में 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों की अवधि में तीन साल की तैनाती पूरी हो रही है। इसका उद्देश्य चुनाव से पहले पुलिस अधिकारियों की तैनाती में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना है।
तबादलों का निर्णय परिक्षेत्रीय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में लिया गया। इसके बाद आईजी किरण एस ने 162 निरीक्षकों की सूची जारी कर संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। आदेश के अनुसार, पांचों जिलों के बीच निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। हरदोई में तैनात कई निरीक्षकों को उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी और रायबरेली भेजा गया है। इसी तरह अन्य जिलों से भी निरीक्षकों को नई तैनाती दी गई है।
स्थानांतरण सूची में निरीक्षक इंद्रपाल सिंह सेंगर से जुड़ा फैसला भी शामिल है। उनका पूर्व में जारी स्थानांतरण आदेश निरस्त करते हुए उन्हें दोबारा हरदोई में तैनाती देने का निर्णय लिया गया है।
आईजी की ओर से जारी आदेश में संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नए तैनाती वाले जिले के लिए रवाना किया जाए। इसके साथ ही कार्यमुक्त करने और नए जनपद के लिए रवाना किए जाने की सूचना पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। आदेश की प्रतिलिपि अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन और पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना), उत्तर प्रदेश को भी भेजी गई है।
आईजी लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी इस आदेश को विधानसभा चुनाव-2027 से पहले पुलिस विभाग की प्रशासनिक और चुनावी तैयारियों के अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।




