नहर पर पुलिया नहीं होने से दर्दनाक हादसा, बाइक समेत नहर में गिरा युवक; रातभर पड़ा रहा शव

कौशाम्बी में तन्नापर नहर पर पुलिया नहीं होने से बाइक सवार दिनेश कुमार नहर में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। रातभर शव नहर में पड़ा रहा। सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।

संवाददाता/राजेंद्र प्रसाद मिश्रा

कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। मंझनपुर थाना क्षेत्र के धाता रोड स्थित तन्नापर नहर के पास पुलिया नहीं होने के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। देर रात बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव पूरी रात नहर में पड़ा रहा और किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह राहगीरों की नजर नहर में पड़े युवक और बाइक पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, करारी थाना क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार पुत्र संत नारायण देर रात बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तन्नापर नहर के पास पुलिया नहीं होने के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में दिनेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। रातभर उनका शव नहर में पड़ा रहा।

गुरुवार सुबह राहगीरों ने नहर में युवक और बाइक को पड़ा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन के जरिए उसकी पहचान की और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

घटना की जानकारी मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नहर पर पुलिया नहीं होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और सड़क सुरक्षा से जुड़े इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button