थाने से 500 मीटर दूर बंद मकान में लाखों की चोरी, सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को चोरों ने बनाया निशाना
बिहार के बगहा में चोरों के आतंक से लोग परेशान हैं। इसी बीच चोरों ने भैरोगंज बाजार स्थित एक मकान को अपना निशाना बनाया है। चोर अपनी चोरी को अंजाम देते रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इस चोरी के बाद बगहा के भैरोगंज बाजार में पुलिस की गश्ती पर सवाल उठने लगे हैं।

पश्चिम चंपारण,बिहार। बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के भैरोगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना से महज 500 मीटर दूर मुख्य सड़क किनारे स्थित एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बंद मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के कीमती सामान और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक बीरेंद्र चौबे का परिवार छठ पूजा मनाने अपने पैतृक गांव गया हुआ था। घर के मुख्य दरवाजे से लेकर सभी कमरों में ताले लगे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया और कमरों को खंगालकर कीमती सामान तथा आभूषण समेट ले गए।
चोरी की जानकारी उस समय हुई, जब शिक्षक का नाती सुबह किसी जरूरी सामान को लेने घर पहुंचा। वहां दरवाजों के ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि चोर घर से लैपटॉप भी ले गए थे, जो बाद में पड़ोसी नागेंद्र प्रसाद की छत पर पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि थाने के इतने नजदीक मुख्य सड़क किनारे स्थित मकान में चोरी हो जाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने त्योहारों के दौरान बंद पड़े घरों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी की आवश्यकता जताई है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल चोरी गए सामान का पूरा आकलन और आरोपितों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने और घटना का खुलासा करने की चुनौती है।




