बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने खुद लिए मांगी फांसी

बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने देश में खसरे से बच्चों की मौतों की जिम्मेदारी खुद ली है। उन्होंने इसके लिए खुद को फांसी की सजा देने की मांग की है। बांग्लादेश में खसरे से 1200 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके लिए कम टीकाकरण और सरकारी लचर व्यवस्था को जिम्मेदार माना जा रहा है।

बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन

ढाका,एजेंसी। बांग्लादेश में खसरे के प्रकोप से 1,200 से अधिक बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस बीच देश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने इन मौतों की जिम्मेदारी लेते हुए इसे अपनी नाकामी बताया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए तारिक रहमान के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार को जिम्मेदार ठहराने के बजाय उन्हें स्वयं जवाबदेह माना जाना चाहिए। यहां तक कि उन्होंने अपनी नाकामी के लिए खुद को फांसी दिए जाने की मांग भी की। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि वह हालात सुधारने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

सोमवार को बांग्लादेश शिशु अस्पताल एवं संस्थान की चार मंजिला नई इमारत के उद्घाटन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इसी दौरान उनसे पूछा गया कि सात महीने में खसरे से 1,200 से अधिक बच्चों की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है? क्या इसके लिए मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार जिम्मेदार है या तारिक रहमान के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार? इस सवाल के जवाब में सखावत हुसैन ने जिम्मेदारी स्वयं लेते हुए कहा कि इस नाकामी के लिए वह खुद जवाबदेह हैं।

बांग्लादेश इस समय अपनी आजादी के बाद खसरे के सबसे गंभीर संकटों में से एक का सामना कर रहा है। इस बीमारी से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत के पीछे टीकाकरण अभियान में आई कमी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में खसरा टीकाकरण की दर घटकर करीब 86 प्रतिशत रह गई थी। टीकाकरण में कमी के साथ नीतिगत खामियों, नौकरशाही की सुस्ती और राजनीतिक अस्थिरता ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था की चुनौतियां बढ़ाईं। इसका असर बच्चों के नियमित टीकाकरण पर पड़ा और बड़ी संख्या में बच्चे संक्रमण के खतरे की चपेट में आ गए।

सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन बोकुल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता हैं। वह नरसिंगडी-4 निर्वाचन क्षेत्र से सांसद हैं और तारिक रहमान सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह इससे पहले 1991 और 2000 में भी संसद सदस्य रह चुके हैं। शेख हसीना के प्रधानमंत्री रहने के दौरान वर्ष 2013 में उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के आवास से गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2017 में उन पर एक कारोबारी से कथित जबरन वसूली का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। हालांकि, सखावत हुसैन ने इन आरोपों से इनकार किया है।

खसरे से बच्चों की लगातार हो रही मौतों ने बांग्लादेश में टीकाकरण व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी जवाबदेही को लेकर बहस तेज कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री की ओर से जिम्मेदारी स्वीकार किए जाने के बावजूद अब चुनौती प्रभावित बच्चों को उपचार उपलब्ध कराने, संक्रमण पर नियंत्रण पाने और टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से दोबारा मजबूत करने की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button