म्यूचुअल फंड उद्योग में अक्टूबर में जोरदार वापसी, 1.73 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश
भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग ने अक्टूबर में 1,73,839.91 करोड़ रुपये का शुद्ध इनफ्लो दर्ज किया, जो सितंबर के नकारात्मक इनफ्लो के बाद एक मजबूत वापसी दर्शाता है।

बिजनेस डेस्क, मुंबई। भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग ने अक्टूबर में जोरदार वापसी दर्ज की। इस दौरान उद्योग में कुल शुद्ध निवेश 1,73,839.91 करोड़ रुपये रहा, जबकि सितंबर में 1,33,375.57 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई थी। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में 32,993.64 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। इनमें लार्ज एंड मिडकैप फंड 8,484.23 करोड़ रुपये के निवेश के साथ सबसे आगे रहे। स्मॉलकैप फंड में 6,407.50 करोड़ रुपये और फ्लेक्सीकैप फंड में 4,979.95 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया।
इसके अलावा मिडकैप फंड में 4,892.62 करोड़ रुपये, मल्टीकैप फंड में 2,977.86 करोड़ रुपये, कॉन्ट्रा फंड में 1,694.13 करोड़ रुपये और लार्जकैप फंड में 1,032.39 करोड़ रुपये का निवेश आया। इंडेक्स फंड में भी अक्टूबर के दौरान 3,090.51 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। इसमें इक्विटी फंड में 1,947.81 करोड़ रुपये, डेट फंड में 1,134.42 करोड़ रुपये और हाइब्रिड फंड में 8.27 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।
एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में अक्टूबर में कुल 20,303.98 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। इसमें इक्विटी ईटीएफ में 12,973.78 करोड़ रुपये, डेट ईटीएफ में 751.11 करोड़ रुपये, गोल्ड ईटीएफ में 3,474.03 करोड़ रुपये और सिल्वर ईटीएफ में 3,092.22 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया। अन्य ईटीएफ में 10.92 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ।
वहीं, विदेश के बाजारों में निवेश करने वाली म्यूचुअल फंड योजनाओं से अक्टूबर में 370.11 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी हुई। इस बीच भारतीय म्यूचुअल फंड उद्योग का प्रबंधनाधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 30 अक्टूबर 2026 तक बढ़कर 83,38,858.06 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 30 सितंबर को यह 82,64,116.63 करोड़ रुपये था।




