राहुल-प्रियंका नहीं चाहते थे कि सोनिया गांधी बनें प्रधानमंत्री, आत्मकथा में किए कई अहम खुलासे

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलांगिंग: अ जर्नी आफ लव' में खुलासा किया है कि 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने का उनका फैसला राजनीतिक दबाव से ज्यादा उनके बच्चों राहुल और प्रियंका की चिंता के कारण था।

नई दिल्ली,एजेंसी। कांग्रेस को 2004 में सत्ता तक पहुंचाने के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के सोनिया गांधी के फैसले के पीछे राजनीतिक परिस्थितियों से अधिक उनके परिवार की चिंता थी। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलांगिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में खुलासा किया है कि उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा नहीं चाहते थे कि वह प्रधानमंत्री बनें। दोनों को अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का गहरा सदमा था और उन्हें आशंका थी कि प्रधानमंत्री बनने पर उनकी मां की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा हो सकता है।

मंगलवार को प्रकाशित आत्मकथा में सोनिया गांधी ने बताया है कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही उन्होंने राहुल और प्रियंका के साथ इस विषय पर बातचीत कर अपना निर्णय स्पष्ट कर दिया था। जब बच्चों ने उनसे पूछा कि कांग्रेस के चुनाव जीतने पर क्या वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार करेंगी, तो उन्होंने साफ कहा था कि ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। बच्चों के दोबारा पूछने पर भी उन्होंने अपने फैसले पर दृढ़ता जताई थी। सोनिया के अनुसार, पहली बार उन्होंने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी थी और बातचीत वहीं समाप्त हो गई थी।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि चुनाव प्रचार के दौरान सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री बनने को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। इसकी वजह पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर संभावित टकराव से बचना था। चुनाव परिणाम आने के बाद जब 10 जनपथ स्थित उनके आवास पर कांग्रेस और सहयोगी दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने का आग्रह किया, तो वह चुपचाप उनकी बातें सुनती रहीं। अंत में उन्होंने अपनी असहमति जताई, लेकिन नेताओं के लगातार दबाव के बीच उनके मुंह से धीमी आवाज में ‘ठीक है’ निकल गया। उनकी बात पूरी होने से पहले ही नेता उन्हें बधाई देने लगे।

सोनिया के मुताबिक, प्रियंका उस समय कमरे के बाहर खिड़की से यह बातचीत देख रही थीं। मां के हामी भरने की बात सुनकर वह रोते हुए राहुल के पास पहुंचीं। इसके बाद दोनों तेजी से सोनिया के पास आए। राहुल ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए सहमति दे दी है। सोनिया ने बताया कि नेता दबाव डाल रहे थे, लेकिन वह पद स्वीकार नहीं करना चाहती थीं। इस पर राहुल और प्रियंका ने उनसे किसी के दबाव में फैसला नहीं लेने को कहा और भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ हैं। अगले दिन सोनिया ने राहुल को स्पष्ट कर दिया कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। इस फैसले पर राहुल ने उन्हें गले लगाकर सही निर्णय बताया।

आत्मकथा में सोनिया गांधी ने संसद के सेंट्रल हॉल में हुई कांग्रेस संसदीय दल की बैठक का भी उल्लेख किया है, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार करते हुए अपनी ‘अंतरात्मा की आवाज’ का हवाला दिया था। उनके इस फैसले पर बैठक में काफी हंगामा हुआ और उन्हें अपना भाषण बीच में छोड़कर बाहर जाना पड़ा। बाद में उन्होंने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया और पार्टी के नेताओं ने इस फैसले को स्वीकार कर लिया।

सोनिया ने बताया कि चुनाव परिणाम के बाद राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के पास सरकार बनाने का दावा पेश करने जाते समय उन्होंने मनमोहन सिंह को अपने साथ चलने के लिए चुना था। दोनों एक ही कार में गए और लौटे, लेकिन उस समय तक मनमोहन सिंह को यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें प्रधानमंत्री बनाया जा सकता है। सोनिया के अनुसार, मनमोहन सिंह की बेदाग छवि और शासन-प्रशासन की गहरी समझ को देखते हुए उन्हें भरोसा था कि देश सुरक्षित हाथों में रहेगा और उनके नेतृत्व में यूपीए सरकार बेहतर ढंग से काम कर सकेगी।

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार, वर्ष 2010 में पी. चिदंबरम के साथ मतभेदों के बीच मुखर्जी ने उनसे शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आने की बात कही थी। सोनिया ने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी इच्छा का संकेत माना और विनम्रता से बातचीत का विषय बदल दिया। हालांकि, उनके मुताबिक प्रणब मुखर्जी ने इस बात को लेकर कभी उनके प्रति नाराजगी जाहिर नहीं की। वर्ष 2012 में कांग्रेस ने उन्हें देश के राष्ट्रपति पद के लिए चुना।

सोनिया ने 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने से जुड़े घटनाक्रम का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि सीताराम केसरी को हटाए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर वह कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से सीधे उनके आवास पहुंचीं और उनके पैर छुए। केसरी ने उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उस समय उनकी आंखों में आंसू थे।

हार्पर कॉलिन्स द्वारा अंग्रेजी में प्रकाशित इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने करीब छह दशक के राजनीतिक और निजी जीवन के कई प्रसंग साझा किए हैं। इसमें प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले के साथ आपातकाल, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या तथा कांग्रेस के भीतर के घटनाक्रमों से जुड़े अनुभव भी शामिल हैं। पुस्तक के प्रकाशन के साथ ही इसके राजनीतिक खुलासे चर्चा का विषय बन गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button