दीपावली पर हजारों दीयों से जगमगाया श्रीनगर का लाल चौक, कश्मीरी लोगों और पर्यटकों ने मिलकर मनाया उत्सव
श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर दीपावली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया गया। स्थानीय लोगों, पर्यटकों और सुरक्षाबलों ने सैकड़ों दीये जलाकर लाल चौक को रोशन कर दिया।

श्रीनगर,एजेंसी। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का ऐतिहासिक लाल चौक रविवार को दीपावली के अवसर पर हजारों दीयों की रोशनी से जगमगा उठा। लाल चौक स्थित प्रसिद्ध घंटाघर के आसपास स्थानीय निवासियों, देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यटकों और सुरक्षाबलों के जवानों ने मिलकर दीप जलाए और रोशनी के पर्व की खुशियां साझा कीं। शाम ढलते ही पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया।
ऐतिहासिक घंटाघर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। इसके आसपास दीयों की कतारों ने परिसर को रोशनी से भर दिया। स्थानीय हिंदू और मुस्लिम समुदायों के लोगों ने भी उत्सव में भाग लिया और पटाखे जलाकर दीपावली की खुशियां मनाईं। कश्मीरी निवासियों ने पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, सुरक्षाबलों के जवान भी आम लोगों के साथ इस आयोजन में शामिल हुए। पर्यटक इस खास पल को अपने कैमरों और मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए। कई सैलानियों ने लाल चौक पर आपसी सौहार्द और भाईचारे के बीच दीपावली मनाने को यादगार अनुभव बताया।
इसी बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से रविवार को उनके आवास पर कई जनप्रतिनिधिमंडलों और आम नागरिकों ने मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे बातचीत की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ-साथ देश और दुनिया में दीपावली मना रहे सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि दीपावली का पर्व हर घर में खुशियां और समृद्धि लेकर आएगा तथा आपसी सौहार्द, सद्भावना और एकजुटता के रिश्तों को और मजबूत करेगा। लाल चौक पर स्थानीय लोगों, पर्यटकों और सुरक्षाकर्मियों की साझा भागीदारी ने त्योहार के अवसर पर भाईचारे और सांस्कृतिक मेलजोल की तस्वीर पेश की।




