यूएफसी के ‘नॉकआउट किंग’ हैं डेरिक लुईस, करियर में 16 बार विरोधियों को किया ढेर
यूएफसी में सबसे ज्यादा नॉकआउट करने का रिकॉर्ड अमेरिका के डेरिक लुईस के नाम है। उन्होंने कुल 16 बार विरोधियों को केज में चित किया है।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (यूएफसी) के इतिहास में जब भी सबसे खतरनाक नॉकआउट करने वाले फाइटर्स का जिक्र होता है, अमेरिका के का नाम सबसे आगे आता है। हेवीवेट कैटेगरी में मुकाबला करने वाले डेरिक के नाम यूएफसी में सर्वाधिक 16 नॉकआउट जीत का रिकॉर्ड दर्ज है। अपने दमदार पंच और आक्रामक अंदाज के लिए मशहूर डेरिक को प्रशंसक ‘द ब्लैक बीस्ट’ के नाम से जानते हैं। उनकी खासियत है कि वह एक ही पंच में मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
ह्यूस्टन से ताल्लुक रखने वाले 41 वर्षीय डेरिक ने वर्ष 2014 में यूएफसी में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने अपनी ताकत और आक्रामक खेल से हेवीवेट डिवीजन में अलग पहचान बनाई। अपने करियर में उन्होंने कर्टिस ब्लेडिस, एलेक्जेंडर वोल्कोव, क्रिस डॉकस और रॉय नेल्सन जैसे चर्चित फाइटर्स को हराया। खास तौर पर ब्लेडिस और वोल्कोव के खिलाफ उनकी नॉकआउट जीत ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया।
डेरिक के करियर का एक बड़ा पड़ाव वर्ष 2018 में आया, जब उन्होंने हेवीवेट खिताब के लिए डेनियल कॉर्मियर को चुनौती दी। हालांकि, इस मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन खिताबी मुकाबले तक पहुंचने से उन्होंने शीर्ष हेवीवेट फाइटर्स के बीच अपनी जगह मजबूत की। इसके बाद भी उन्होंने कई मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन जारी रखा।
आंकड़ों के लिहाज से डेरिक का पेशेवर करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने अब तक कुल 32 मुकाबले लड़े हैं, जिनमें 20 में जीत और 12 में हार मिली है। उनकी 20 जीत में से 16 नॉकआउट के जरिए आई हैं। यही रिकॉर्ड उन्हें यूएफसी के सबसे प्रभावशाली नॉकआउट फाइटर्स में शामिल करता है।
डेरिक का शुरुआती जीवन भी आसान नहीं रहा। उनका पालन-पोषण उनकी मां ने अकेले किया। उन्होंने शुरुआत में बॉक्सिंग की ट्रेनिंग ली और लंबे समय तक स्ट्रीट फाइटिंग से भी जुड़े रहे। बाद में उन्होंने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) का रुख किया और अपनी ताकत को पेशेवर मुकाबलों में आजमाया। वर्ष 2014 में यूएफसी से जुड़ने के बाद उन्होंने लगातार अपने प्रदर्शन से पहचान बनाई।
हालांकि, हालिया मुकाबले में व्हाइट हाउस कार्ड पर उन्हें जोश हॉकिट के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बावजूद उनके प्रशंसकों को उम्मीद है कि डेरिक जल्द ही केज में वापसी करेंगे और अपने आक्रामक अंदाज से एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।




