मंधाना महिला वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार, हरमनप्रीत सातवें स्थान पर पहुंचीं

दुबई/एजेंसी। भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग में एक स्थान के सुधार के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई हैं, जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना शीर्ष स्थान पर कायम हैं। रैंकिंग में यह बदलाव न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन के दो स्थान फिसलकर नौवें नंबर पर आने के बाद हुआ।
भारत की जेमिमा रोड्रिग्स 12वें स्थान पर बरकरार हैं। न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध आईसीसी महिला चैंपियनशिप सीरीज के अंतिम मैच में 94 रनों की शानदार पारी खेलकर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर 610 रेटिंग अंकों के साथ 17वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर को भी फायदा
वहीं न्यूजीलैंड की हरफनमौला अमेलिया केर आखिरी वनडे में 80 रन की पारी और पांच विकेट के प्रदर्शन से 21वें स्थान से संयुक्त 19वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड की इसाबेल गेज भी तीन स्थान की छलांग लगाकर 61वें स्थान पर पहुंच गई हैं। टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में जेस केर ने 13 रन देकर दो विकेट लेने के प्रदर्शन के दम पर 11 स्थान की छलांग लगाकर 23वां स्थान हासिल किया है। वहीं, सोफी डिवाइन ने करियर के सर्वश्रेष्ठ 12 रन देकर चार विकेट झटके जिससे वह 104वें स्थान से 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button