अलीगढ़ स्थित सिद्धपीठ खेरेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर मांस चढ़ाने का आरोप, निलंबित शिक्षक गिरफ्तार; पुलिस कर रही पूछताछ
अलीगढ़ के खेरेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर मांस चढ़ाने के आरोप में 47 वर्षीय निलंबित शिक्षक को सेवादारों ने दोबारा मंदिर पहुंचने पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

अलीगढ़,उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित सिद्धपीठ खेरेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग पर मांस के टुकड़े चढ़ाने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कथित रूप से यह हरकत दिखाई देने के बाद मंदिर के सेवादार आरोपी की तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह वह दोबारा मंदिर पहुंचा तो सेवादारों ने उसे पहचानकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान 47 वर्षीय अनवारुद्दीन के रूप में हुई है, जो गणेशपुर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का निलंबित शिक्षक बताया जा रहा है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, 31 अक्टूबर की शाम परिसर में सफाई के दौरान शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े मिले थे। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक व्यक्ति शिवलिंग पर मांस के टुकड़े चढ़ाता हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर समिति और सेवादार उसकी तलाश में जुट गए थे।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे संदिग्ध व्यक्ति फिर मंदिर परिसर में दिखाई दिया। इस बार उसके हाथ में एक बोतल के साथ छोले-भटूरे, समोसे और अन्य खाद्य सामग्री थी। सेवादारों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे पहचान लिया और पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए आरोपी को अपने कब्जे में लिया और थाने ले गई।
मंदिर परिसर में पकड़े जाने के बाद जब लोगों ने उससे मांस और पेय पदार्थ लेकर आने का कारण पूछा तो उसने कथित तौर पर कहा कि ऐसा करने के लिए उसे पुतिन ने कहा था और भोलेनाथ ने उसे बुलाया था। उसने खुद को बेसिक शिक्षा विभाग का शिक्षक भी बताया। आरोपी फिलहाल अलीगढ़ के धौर्रा इलाके में रहता है।
खेरेश्वर मंदिर के संरक्षक पंडित दयानंद भारती ने बताया कि 31 अक्टूबर को सफाई के दौरान शिवलिंग के पास मांस के टुकड़े मिले थे। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई, जिसमें एक व्यक्ति कथित रूप से शिवलिंग पर मांस चढ़ाकर जाता दिखाई दिया। तभी से सेवादार उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को उसके दोबारा मंदिर पहुंचने पर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मांस कहां से लाया गया था और उसे शिवलिंग पर चढ़ाने के पीछे क्या मंशा थी। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। मामले में जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपी की मंशा को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





