दिसंबर में कनाडा जा सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी, भारत-कनाडा व्यापार वार्ता में तेजी

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने इसका जिक्र संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए अपने भाषण में भी किया है। इसे भारत-कनाडा संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम मोदी दिसंबर में कनाडा का दौरा कर सकते हैं।

फाइल फोटो

ओटावा,एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा की यात्रा कर सकते हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र से इतर कहा कि भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को लेकर बातचीत में अच्छी प्रगति हो रही है। दोनों देश दिसंबर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के आसपास वार्ता पूरी करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, मोदी की कनाडा यात्रा की सटीक तारीख अभी तय नहीं हुई है।
कार्नी ने भारत के साथ संबंधों को व्यापार और अर्थव्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क के लिहाज से भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष इस वर्ष के अंत तक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रयासरत हैं। भारत और कनाडा ने मार्च 2026 में भी व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने और 2026 में समझौता पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई थी।
भारत-कनाडा व्यापार समझौते को लेकर हाल के महीनों में बातचीत तेज हुई है। सितंबर में दोनों देशों के बीच चौथे दौर की वार्ता पूरी हुई, जबकि अगला दौर पांच अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। प्रस्तावित समझौते में वस्तुओं, सेवाओं और निवेश सहित व्यापक आर्थिक सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा हो रही है।
कार्नी का बयान ऐसे समय आया है जब कनाडा अमेरिका पर अपनी व्यापारिक निर्भरता कम करने और अन्य देशों के साथ आर्थिक संबंध मजबूत करने पर जोर दे रहा है। अमेरिका-कनाडा के बीच व्यापार और शुल्क को लेकर तनाव के बीच ओटावा भारत के साथ व्यापारिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में सक्रिय है। कनाडा के व्यापार मंत्री ने भी इस वर्ष के अंत तक भारत के साथ समझौता पूरा होने की उम्मीद जताई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले जून 2025 में कनाडा की यात्रा की थी, जब उन्होंने कार्नी के निमंत्रण पर जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। दिसंबर में अमेरिका के फ्लोरिडा में जी-20 शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। ऐसे में मोदी की संभावित कनाडा यात्रा को दोनों देशों के बीच व्यापार और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button