एमपी के हैदरपुर गांव के खेत में मिला 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
एनाकोंडा जैसा विशालकाय और खतरनाक अजगर देखकर लोग कांप उठे। एमपी के नेपानगर के एक खेत में कई दिनों से अजगर छिपा था। गुरुवार को उसने एक लोमड़ी का शिकार किया तो नजर में आ गया। वह इतना बड़ा और भारीभरकम था कि सर्पमित्र के भी पसीने छूट गए।

बुरहानपुर/मध्य प्रदेश। नेपानगर क्षेत्र के हैदरपुर गांव में किसान पियूष महाजन के खेत में करीब 15 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से किसान और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार अजगर पिछले तीन-चार दिनों से खेत में ही छिपा हुआ था। इसके चलते किसान खेत में जाने से भी डर रहे थे।
बताया गया कि अजगर ने एक सियार का शिकार कर रखा था, जिसका वजन करीब 10 से 12 किलोग्राम बताया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों ने अजगर का वजन लगभग 30 किलोग्राम होने का अनुमान जताया। खेत में इतने बड़े अजगर को देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
सूचना मिलने पर सर्पमित्र महाराज सातपायरी खेम सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अजगर कई दिनों से खेत में छिपा हुआ था। सियार का शिकार करने के बाद वह आसपास ही मौजूद रहा होगा। अजगर का आकार काफी बड़ा होने के कारण उसका रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण था। काफी मशक्कत और सावधानी के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार हैदरपुर और आसपास के खेतों में हरियाली, झाड़ियों तथा चूहों, सियार समेत अन्य छोटे वन्यजीवों की पर्याप्त मौजूदगी है। ऐसे में भोजन की तलाश में अजगर खेतों की ओर पहुंच सकता है। माना जा रहा है कि वह झाड़ियों अथवा खेतों के रास्ते यहां पहुंचा होगा और शिकार मिलने के बाद कई दिनों तक वहीं छिपा रहा।
हालांकि अजगर खेत में किस स्थान से और किस रास्ते से पहुंचा, इसकी निश्चित जानकारी नहीं हो सकी। सुरक्षित रेस्क्यू के बाद अजगर को वन विभाग के हवाले कर दिया गया। अजगर के पकड़े जाने के बाद किसान और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। विशालकाय अजगर को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।




